1.88 करोड़ मांगने पर धमकी : व्यापारी ने दर्ज कराई रिपोर्ट
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Sep 20, 2026
पान मसाला फैक्ट्री को दिए माल का भुगतान न होने का आरोप, फर्जी चेक देने की भी शिकायत
उन्नाव। पान मसाला फैक्ट्री को कई साल तक कच्चा माल सप्लाई करने वाले व्यापारी ने 1.88 करोड़ रुपये का भुगतान न होने का आरोप लगाया है। व्यापारी का कहना है कि बकाया रकम मांगने पर पहले उसे टालते रहे और बाद में चेक दिए गए। बैंक में चेक लगाए तो उनके फर्जी होने की जानकारी हुई। इसके बाद रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में व्यापारी की तहरीर पर हसनगंज कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्नाव निवासी धर्मेंद्र जायसवाल सुपाड़ी, कत्था, चूना और लौंग आदि की सप्लाई का काम करते हैं। उनकी ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक वर्ष 2018 में नेहरूबाग, मगरवारा स्थित क्षिराज पान प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड से उनका कारोबार शुरू हुआ था। फैक्ट्री में क्लासिक और केडीआई नाम से पान मसाला तैयार किया जाता था। व्यापारी के मुताबिक शुरुआत में फैक्ट्री संचालक राजू पाल माल का भुगतान नगद करते थे।
उधार माल जाता रहा, भुगतान अटकता गया
व्यापारी के अनुसार वर्ष 2019 में कारोबार बढ़ने के बाद फैक्ट्री में उधार पर माल भेजा जाने लगा। माल पहुंचने के बाद उसकी रिसीविंग दी जाती थी और कुछ समय बाद भुगतान कर दिया जाता था। इसी तरह अगस्त 2020 तक कारोबार चलता रहा। इसके बाद राजू पाल के जेल जाने पर उनके बेटे सौरभ पाल ने फैक्ट्री का काम संभाला। आरोप है कि सौरभ पाल ने व्यापारी से कहा कि आगे आने वाले माल का भुगतान होता रहेगा, जबकि पुराना हिसाब राजू पाल के बाहर आने के बाद किया जाएगा। इस भरोसे पर कुछ समय तक माल की सप्लाई जारी रही। व्यापारी का दावा है कि बाद में फैक्ट्री बंद हो गई और उसका करीब 1.88 करोड़ रुपये का भुगतान फंस गया।
तगादे के बाद मिले चेक, बैंक पहुंचने पर पता चला
तहरीर के मुताबिक बकाया रकम के लिए व्यापारी लंबे समय तक आरोपियों से संपर्क करता रहा। वर्ष 2024 में उसे कुछ चेक दिए गए। व्यापारी उन चेकों को लेकर बैंक पहुंचा तो उनके फर्जी होने की जानकारी हुई। इसके बाद उसने आरोपियों से चेक के बारे में बात की और बकाया रकम का भुगतान करने को कहा।व्यापारी का आरोप है कि इसी के बाद उसे धमकाया जाने लगा। तहरीर में आरोपियों की ओर से पुलिस में पहुंच और प्रभाव होने की बात कहते हुए दोबारा रुपये मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का उल्लेख किया गया है।
आठ जुलाई को फोन पर भी धमकी का आरोप
धर्मेंद्र के मुताबिक आठ जुलाई को वह निजी काम से मोहान गए थे। दोपहर करीब 3:25 बजे उन्होंने फोन कर बकाया रकम मांगी। आरोप है कि फोन पर गालीगलौज की गई और रुपये भूल जाने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।व्यापारी ने पुलिस को माल की रिसीविंग, माल का विवरण और कथित चेकों की छायाप्रति भी उपलब्ध कराई है। तहरीर में उसने खुद को और परिवार को खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। हसनगंज कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन