खेत में सांड के हमले का शिकार किसान : चार दिन बाद इलाज के दौरान मौत
Thu, Jul 9, 2026
खेती करते समय किया था हमला, पीछे छोड़ गए पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा, गांव में शोक
उन्नाव। बीघापुर विकासखंड के सारूखेड़ा ग्राम पंचायत के ददई खेड़ा गांव में आवारा गोवंश का आतंक एक परिवार की खुशियां छीन ले गया। खेत में काम कर रहे किसान पर आवारा सांड ने ऐसा हमला किया कि चार दिन तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद गुरुवार सुबह उनकी सांसें थम गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने आवारा गोवंश की बढ़ती समस्या पर नाराजगी जताते हुए स्थायी समाधान की मांग की है। ददई खेड़ा निवासी 55 वर्षीय अंजनी कुमार पुत्र गंगा विशुन सोमवार को अपने खेत में खेती का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक आवारा सांड खेत में पहुंच गया और उन पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सांड ने किसान को कई बार सींगों से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। हमले के समय खेत में मौजूद उनके बेटे अनमोल पटेल ने शोर मचाया तो आसपास के किसान और ग्रामीण दौड़ पड़े। लोगों ने किसी तरह सांड को वहां से भगाया और घायल अंजनी कुमार को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन सिर और शरीर में आई गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आगे की कार्रवाई पूरी की। अजनी कुमार अपने परिवार के मुखिया थे। उनके परिवार में पत्नी हेमलता, बड़ी बेटी दीपाली पटेल, छोटी बेटी अनुष्का पटेल और पुत्र अनमोल पटेल हैं। बड़ी बेटी दीपाली बीटीसी की पढ़ाई कर रही हैं, जबकि अनुष्का स्नातक के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटी हैं। बेटा अनमोल ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की है और आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रहा है। किसान की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आवारा गोवंश की संख्या लगातार बढ़ रही है। फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ अब किसानों पर हमले की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। खेतों में काम करने वाले लोग हर समय डर के साए में रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा गोवंश को सुरक्षित गोशालाओं में भेजने के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।
बैंक से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत : घायल बेटे को देखने रायपुर से आया था घर
Fri, Jun 5, 2026
उन्नाव। मौरावां थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बैंक का काम निपटाकर घर लौट रहे एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार को जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक की पहचान मौरावां क्षेत्र के चंद्रसेना गांव निवासी 33 वर्षीय अश्वनी कुमार के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक अश्वनी गुरुवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से बैंक में केवाईसी संबंधी कार्य कराने गए थे। बैंक गांव से कई किलोमीटर दूर स्थित है। काम पूरा करने के बाद वह वापस घर लौट रहे थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचे। काफी देर तक संपर्क न होने पर परिवार के लोग परेशान हो गए और उनकी तलाश शुरू कर दी।इसी दौरान जानकारी मिली कि शिवा धर्मकांटा के पास एक सड़क दुर्घटना हुई है। बताया जा रहा है कि किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने अश्वनी की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की कोशिश शुरू की। देर रात मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। शुक्रवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि अश्वनी कुमार परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए छत्तीसगढ़ के रायपुर में मजदूरी करते थे। वह करीब एक सप्ताह पहले ही गांव लौटे थे। दरअसल, उनका पांच वर्षीय बेटा आर्यन कुछ दिन पहले घर की छत से गिरकर घायल हो गया था। हादसे में बच्चे का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था। बेटे की चोट की खबर मिलने के बाद अश्वनी काम छोड़कर घर आ गए थे ताकि बच्चे की देखभाल कर सकें और कुछ दिन परिवार के साथ रह सकें। परिवार के लोगों का कहना है कि जिस बेटे की चिंता में वह सैकड़ों किलोमीटर दूर से घर आए थे, उसी बेटे के सामने अब पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं, परिजनों ने दोषी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बारासगवर में सड़क हादसा : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत
Thu, Jun 4, 2026
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, अज्ञात वाहन के खिलाफ जांच शुरू
उन्नाव। बारासगवर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।थाना क्षेत्र के तालिहई गांव निवासी ज्ञानेंद्र कुमार (45) पुत्र रामरूप दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार शाम करीब छह बजे वह किसी काम से बारासगवर थाना गए थे। वहां से बाइक से गांव लौटते समय दलपतखेड़ा के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि ज्ञानेंद्र कुमार दिल्ली में मजदूरी करते थे और समय-समय पर गांव आते-जाते रहते थे। पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।