: तालिबसरांय की महिलाओं का नगर पालिका कार्यालय में हल्ला बोल
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, Oct 10, 2025
क्षेत्रीय लोगों ने खुद चंदा इकट्ठा कर डलवाया मलबा

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। नगर पालिका क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी से परेशान महिलाओं का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। तालिबसरांय मोहल्ले की दर्जनों महिलाएं शिकायत पत्र लेकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने कहा कि सालों से टूटी सड़कों और जाम नालियों से उनका जीना दूभर हो गया है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि उनके मोहल्ले की सड़कें बरसों से टूटी हैं और नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। बरसात के मौसम में गलियां कीचड़ और बदबू से भर जाती हैं। बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है, जबकि बुजुर्गों को बाहर निकलने में खतरा रहता है। महिलाओं ने बताया कि जब बच्चे इन्हीं गलियों से होकर स्कूल जाते हैं तो फिसलकर गिर जाते हैं। अगर किसी घर में कोई बीमार हो जाए या किसी का देहांत हो जाए, तो उसे घर से बाहर ले जाना भी बड़ी समस्या बन जाती है। उन्होंने कहा कि तालिबसरांय इलाके की गलियों में अब तक कोई खरंजा (पक्की सड़क) नहीं बना है। तालिब सरांय और हजारीटोला के बीच में जो नाला बहता है, उसके बराबर वाली गली की सड़क भी अधूरी पड़ी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर पालिका की लापरवाही से तंग आकर फहीम अहमद (गुड्डू), रोशन, सदमा, अबरार, मोइनुद्दीन और अन्य लोगों ने मिलकर चंदा इकट्ठा किया और खुद ही मलबा डलवाकर रास्ता चलने लायक बनाया। लोगों का कहना है कि ये काम नगर पालिका को करना चाहिए था, लेकिन मजबूरी में उन्हें अपने स्तर पर करना पड़ा।
ईओ को सौंपा ज्ञापन, चेतावनी—कुछ दिनों में काम शुरू न हुआ तो आंदोलन होगा
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कार्यपालक अधिकारी (ईओ) को संबोधित एक शिकायत पत्र सौंपा। इसमें सड़कों और नालियों की सफाई व मरम्मत की जल्द व्यवस्था करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि अगर कुछ ही दिनों में काम शुरू नहीं हुआ तो वे नगर पालिका का घेराव कर बड़ा आंदोलन करेंगी।
पालिका प्रतिनिधि पहुंचे, जल्द सुधार का दिया आश्वासन
सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि भानु मिश्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं से बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। भानु मिश्र ने भरोसा दिलाया कि तालिब सरांय सहित सभी प्रभावित इलाकों में सड़कों और नालियों का काम जल्द शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित ठेकेदारों और अभियंताओं को निर्देश जारी किए गए हैं ताकि प्राथमिक मरम्मत कार्य पूरा कराया जा सके। उन्होंने महिलाओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नगर पालिका जनता की सुविधाओं के लिए पूरी तरह समर्पित है और लोगों की हर जरूरत को पूरा करने की कोशिश कर रही है।
लोग बोले – अधिकारी आते हैं, फोटो खिंचवाते हैं, लेकिन काम नहीं होता
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि हर बार नेता, अधिकारी आते हैं, फोटो खिंचवाते हैं और फिर सब भूल जाते हैं। गली में इतना पानी और कीचड़ है कि छोटे बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे। कोई बीमार हो जाए तो एंबुलेंस भी नहीं आती।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन