ऑपरेशन मुस्कान : 101 गुमशुदा मोबाइल लौटे, चेहरे पर लौटी मुस्कान
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Jan 28, 2026
सीईआईआर पोर्टल की मदद से बरामद हुए 21 लाख के मोबाइल, अब तक 1400 से ज्यादा की रिकवरी

उन्नाव। मोबाइल फोन गुम होने के बाद मायूसी झेल रहे लोगों के लिए पुलिस की पहल राहत लेकर आई है। दूरसंचार विभाग, संचार मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विकसित सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से उन्नाव पुलिस ने 101 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद किए गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थानों में विशेष टीमें गठित की गई थीं। थानों पर प्राप्त होने वाली हर मोबाइल गुमशुदगी की शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कराया गया और तकनीकी निगरानी के जरिए उनकी तलाश शुरू की गई। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी प्रेमचंद के पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल और जिले के सभी थानों की संयुक्त टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर अलग-अलग स्थानों से विभिन्न कंपनियों के एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई ऑपरेशन मुस्कान के तहत की जा रही है। मोबाइल गुमशुदगी की शिकायत मिलते ही संबंधित मोबाइल के आईएमईआई नंबर के आधार पर उसकी तकनीकी निगरानी शुरू कर दी जाती है। जैसे ही मोबाइल नेटवर्क पर सक्रिय होता है, उसकी लोकेशन ट्रेस कर टीम मौके पर पहुंचती है। इसी प्रक्रिया के चलते लगातार सफलता मिल रही है।
आंकड़े इस अभियान की मजबूती खुद बयां करते हैं। सितंबर 2024 से अब तक उन्नाव पुलिस की सर्विलांस टीम 707 से अधिक मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये है। वहीं वर्ष 2025 में अब तक 700 से ज्यादा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 4 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इस प्रकार अब तक कुल 1400 से अधिक गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद 101 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ नजर आई। कई लोगों ने कहा कि मोबाइल गुम होने के बाद उन्हें उम्मीद नहीं थी कि वह दोबारा मिल पाएगा और इसके लिए उन्होंने उन्नाव पुलिस का आभार जताया।
इस सफल बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली सर्विलांस टीम के कांस्टेबल शुभम तोमर, प्रशांत बालियान, अरुण यादव, सुदीप कटियार, आकाश चौधरी और विवेक को उनकी सराहनीय कार्यशैली और तकनीकी दक्षता के लिए प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की गई है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी से न केवल लोगों की व्यक्तिगत संपत्ति वापस मिलती है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि मोबाइल आज हर व्यक्ति की अहम जरूरत बन चुका है और ऐसे में उसे वापस दिलाना पुलिस की जिम्मेदारी है। एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा संपत्ति की बरामदगी और लापता लोगों की तलाश आगे भी इसी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाने में सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर मोबाइल की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन