Fri 17 Apr 2026

ब्रेकिंग

मुरादाबाद पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी: अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

पीएफ घोटाले का शिकार हुआ मजदूर, तीन साल बाद दर्ज हुआ केस

BDO भुता को सौंपा ज्ञापन,मांगे पूर्ण न होने पर सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे

एक की मौत,कई घायल, मचा हड़कंप

धोखाधड़ी कर चावल गायब करने के आरोप में हुई गिरफ्तारी

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

होली पर फुल तैयारी : 24 घंटे बिजली, अस्पताल अलर्ट

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Wed, Mar 4, 2026
Post views : 245

स्टेशन पर कड़ी निगरानी, अतिरिक्त बसें भी तैयार

उन्नाव। होली के त्योहार को देखते हुए जिला प्रशासन ने जरूरी सेवाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। बिजली, पानी, स्वास्थ्य, रेलवे सुरक्षा और रोडवेज संचालन से जुड़े विभागों ने दावा किया है कि त्योहार के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पूरी व्यवस्था दुरुस्त कर ली गई है।

बिजली सप्लाई पर खास फोकस

बिजली विभाग ने साफ किया है कि होली पर शहर और ग्रामीण इलाकों में चौबीसों घंटे आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। अधीक्षण अभियंता अमिय कुमार सिंह के मुताबिक, किसी भी तरह का फॉल्ट आने पर उसे तुरंत ठीक करने के लिए अलग से टीमें लगाई गई हैं। अतिरिक्त निजी कर्मियों को भी फील्ड में तैनात किया गया है ताकि शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचा जा सके। शहर में दो ट्रॉली ट्रांसफार्मर भी स्टैंडबाय रखे गए हैं। अगर किसी क्षेत्र का ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो जाता है तो स्थायी बदलाव होने तक अस्थायी ट्रॉली ट्रांसफार्मर से सप्लाई जारी रखी जाएगी। उपभोक्ता सीधे कंट्रोल रूम नंबर 9415099014 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विभाग का दावा है कि शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाएगा।

अस्पतालों में इमरजेंसी तैयारी

होली पर अक्सर रंग खेलने के दौरान चोट लगने या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं सामने आती हैं। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रभारी सीएमओ डॉ. हरिनंदन प्रसाद ने बताया कि जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहेंगी। स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के छुट्टी न लें। डॉक्टर ऑन कॉल रहेंगे और जरूरत पड़ने पर तुरंत अस्पताल पहुंचेंगे। गंभीर मरीजों के इलाज में किसी तरह की देरी न हो, इसके लिए आवश्यक दवाएं और संसाधन पहले से उपलब्ध कराए गए हैं।

रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी

त्योहार के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में रेलवे पुलिस और जीआरपी ने स्टेशन पर निगरानी बढ़ा दी है। रात में गश्त तेज कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। आरपीएफ के एसआई हरीश कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता है। वहीं जीआरपी एसओ धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान भीड़ प्रबंधन पर खास ध्यान दिया जा रहा है ताकि किसी को धक्का-मुक्की या अन्य समस्या का सामना न करना पड़े। जरूरत पड़ने पर यात्री 9454404435 पर संपर्क कर सकते हैं।

पानी की सप्लाई रहेगी जारी

होली के दिन पानी की खपत सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा होती है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर पालिका ने 24 घंटे जलापूर्ति का निर्णय लिया है। ईओ एसके गौतम के अनुसार, जिन ट्यूबवेल में जनरेटर की सुविधा है, उनकी जांच पहले ही कर ली गई है। अगर किसी क्षेत्र में पाइपलाइन या मोटर से जुड़ी दिक्कत आती है तो वहां टैंकरों के जरिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। कोशिश रहेगी कि किसी भी मोहल्ले में पानी की कमी महसूस न हो।

रोडवेज ने बढ़ाईं बसें

त्योहार पर घर आने-जाने वालों की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने भी अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। एआरएम जीसी वर्मा ने बताया कि कानपुर और लखनऊ रूट पर नौ मार्च तक पांच अतिरिक्त बसें लगातार चलाई जाएंगी। इस रूट पर अब कुल 25 बसें उपलब्ध रहेंगी। बांगरमऊ से दिल्ली रूट पर भी दस बसें संचालित की जा रही हैं। यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो बसों की संख्या और फेरे दोनों बढ़ाए जा सकते हैं।

लोगों से सहयोग की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार शांतिपूर्ण और जिम्मेदारी के साथ मनाएं। किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि सभी टीमें मुस्तैद हैं और उद्देश्य यही है कि होली का रंग उत्सव में दिखे, असुविधा में नहीं।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन