जिले में वोटर सूची सुधार की कवायद तेज : 70 फीसदी प्रपत्र वितरित
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, Nov 14, 2025
राजनीतिक दलों को बूथ प्रतिनिधि तैयार रखने के निर्देश
उन्नाव में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण तेज गति से चल रहा है और प्रशासन इसे पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुरू हुआ यह अभियान 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगा। लक्ष्य साफ है कि जिले की हर बूथवार मतदाता सूची अपडेट हो जाए और कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।
जिले के अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार गोंड ने बताया कि यह प्रदेश-भर में एक साथ चल रहा अभियान निर्धारित योजना के तहत आगे बढ़ रहा है। हर वार्ड और गांव में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारी लोगों के घर जाकर प्रपत्र बांट रहे हैं और जरूरी जानकारी जुटा रहे हैं। नए नाम जोड़ने से लेकर गलतियों को ठीक करने और पुराने रिकॉर्ड हटाने तक, सारी प्रक्रिया इसी दौरान पूरी होनी है। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि अगर किसी घर में पहली बार में कोई न मिले तो बूथ लेवल अधिकारी को तीन बार तक जाकर प्रपत्र लेने और जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे।जिले में अब तक लगभग 70 फीसदी प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। लक्ष्य है कि अगले दो से तीन दिन में सौ प्रतिशत वितरण पूरा हो जाए। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन लगातार मीडिया के जरिए लोगों को जागरूक भी कर रहा है। राजनीतिक दलों को भी निर्देश दिया गया है कि वे अपने बूथ स्तर के प्रतिनिधि सक्रिय रखें। उनकी मौजूदगी से किसी भी गड़बड़ी या समस्या को मौके पर ही दूर किया जा सकेगा। निर्वाचन आयोग के निर्देश हैं कि जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के घरों तक प्रपत्र प्राथमिकता से पहुंचें। प्रशासन का कहना है कि कोशिश है कि हर वर्ग तक संदेश जाए कि मतदाता सूची का संक्षिप्त पुनरीक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि एक जरूरी जिम्मेदारी है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान सुचारू रूप से चल रहा है और उम्मीद है कि दिसंबर की समय सीमा तक जिले की मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन और त्रुटि रहित तैयार हो जाएगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन