समझौते के दबाव में युवक से मारपीट : आरोपी पर धमकी देने का भी आरोप, रिपोर्ट दर्ज
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Sep 10, 2026
सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों से भिड़ने का वीडियो वायरल, पुलिस ने किया इनकार
उन्नाव। दही थाना क्षेत्र के राजेपुर उर्फ वाजिदपुर गांव निवासी युवक ने पूर्व मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर दही थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक को डायल 112 पुलिसकर्मियों से कथित तौर पर उलझते और मारपीट करते हुए दिखाया जा रहा है। हालांकि, द लखनऊ टाइम्स वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। वहीं दही थाना पुलिस ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की घटना से इनकार किया है। राजेपुर उर्फ वाजिदपुर निवासी अंकित यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बुधवार शाम करीब 5:30 बजे ससुराल से घर लौट रहा था। रास्ते में राजेपुर मनोहर नगर निवासी सचिन यादव मिल गया। आरोप है कि सचिन ने पूर्व में दर्ज मुकदमे को लेकर उससे समझौता करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। अंकित का आरोप है कि सचिन ने उसके साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट की। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोगों को आता देखकर आरोपी मौके से भाग गया। आरोप है कि जाते समय उसने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
वीडियो को लेकर अलग दावा
इधर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि शिकायत के बाद आरोपी को पकड़ने पहुंची डायल 112 की टीम से भी उसने अभद्रता और मारपीट की। वीडियो में एक युवक पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करता नजर आ रहा है। हालांकि वीडियो कब और कहां का है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। दही थाना पुलिस ने भी पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट किए जाने की बात से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि युवक के खिलाफ दर्ज मामले की जांच की जा रही है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन