महिलाओं से बदसलूकी : अश्लील टिप्पणी और छींटाकशी करने वालों पर कार्रवाई
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Oct 18, 2026
पांच थाना क्षेत्रों में चला अभियान, पांच आरोपी गिरफ्तार
उन्नाव। त्योहारों की रौनक के बीच बाजारों, सड़कों और धार्मिक स्थलों पर महिलाओं व युवतियों की आवाजाही बढ़ी है। ऐसे में सार्वजनिक जगहों पर अश्लील टिप्पणी और छींटाकशी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसएसपी जयप्रकाश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को जिले के पांच थाना क्षेत्रों में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें चौराहे पर युवतियों पर फब्तियां कसने से लेकर मंदिर के पास महिलाओं से अभद्रता करने तक के मामले शामिल हैं। सभी मामलों में बीएनएस की धारा 296 के तहत कार्रवाई की गई।
आसीवन: चौराहे पर युवतियों पर फब्तियां
सिद्धनाथ चौराहे पर महिलाओं और युवतियों पर अश्लील टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने अनिल (52) पुत्र हृदयनारायण निवासी लोकमन, थाना आसीवन को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, वह राह से गुजर रही महिलाओं को देखकर अश्लील गाने गुनगुना रहा था। दो युवतियों को देखकर भी उसने आपत्तिजनक टिप्पणी की।
असोहा: मंदिर के पास महिला से अभद्रता
समाधा स्थित हरिशंकरी माता मंदिर के पास महिला पर टिप्पणी करने और इशारा कर बुलाने के आरोप में पुलिस ने प्रदीप रावत (29) पुत्र रामकरन रावत निवासी ग्राम समाधा, थाना असोहा को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, महिला वहां से गुजर रही थी, तभी आरोपी ने उसे इशारा कर पास बुलाने की बात कही।
बांगरमऊ: पूजा कार्यक्रम के पास अश्लील गाने
भगवंतपुर गोटपाली गांव में दुर्गा प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम के आसपास महिलाओं को देखकर अश्लील गाने गाने और इशारे करने की सूचना पर पुलिस ने दीपक कुमार (25) पुत्र अर्जुन सिंह निवासी भगवंतपुर गोटपाली को गिरफ्तार किया। पुलिस को शिकायत मिली थी कि उसकी हरकतों से कार्यक्रम में आने-जाने वाली महिलाओं को परेशानी हो रही थी।
फतेहपुर चौरासी: सड़क किनारे महिलाओं पर छींटाकशी
ऊंगू कस्बे में हुलासी कुआं रोड पर पशु चिकित्सालय जाने वाले मोड़ के पास महिलाओं और युवतियों पर अश्लील गाने गाने व हरकतें करने के आरोप में पुलिस ने रवि (28) पुत्र पुत्तन निवासी मोहल्ला मांझखोर दक्षिणी, कस्बा ऊंगू को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, राहगीर महिलाएं सिर झुकाकर वहां से गुजर रही थीं।
गंगाघाट: ऋषिनगर मोड़ पर अश्लील टिप्पणी
ऋषिनगर मोड़ पर महिलाओं से अश्लील बातें करने के आरोप में पुलिस ने कमलेश (32) पुत्र ओमप्रकाश निवासी गगनीखेड़ा, थाना गंगाघाट को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, वह राह से गुजर रही महिलाओं को देखकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहा था। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। पुलिस के गिरफ्तारी संबंधी दस्तावेजों के अनुसार, पांचों मामलों में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296 के तहत कार्रवाई की गई।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन