कार्रवाई की मांग : ईसाई समाज के कथित उत्पीड़न के खिलाफ भीम आर्मी का बड़ा प्रदर्शन
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Jan 28, 2026
भीम आर्मी नेताओं ने कहा, संविधान के खिलाफ किसी भी अन्याय को नहीं करेंगे बर्दाश्त

उन्नाव। ईसाई समाज के लोगों पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में बुधवार को भीम आर्मी ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकले इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। प्रदर्शन का नेतृत्व भीम आर्मी लखनऊ मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विशाल गौतम और जिला अध्यक्ष रवि बौद्ध ने किया। नेताओं का कहना था कि हाल के दिनों में ईसाई समुदाय को लगातार निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आ रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उनका आरोप है कि कुछ जगहों पर धर्म के नाम पर डर और दबाव का माहौल बनाया जा रहा है, जिससे लोगों के मौलिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विशाल गौतम ने कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक को अपने धर्म का पालन करने की आजादी देता है। अगर किसी भी समुदाय के लोगों को उनके धर्म के कारण परेशान किया जाता है, तो यह सीधे तौर पर संविधान की भावना के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसी घटनाओं पर जल्द रोक नहीं लगी, तो भीम आर्मी इसे लेकर प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेगी। वहीं जिला अध्यक्ष रवि बौद्ध ने कहा कि भीम आर्मी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर चलने वाला संगठन है, जो बराबरी और इंसाफ की बात करता है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी धर्म या समुदाय के साथ अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन हर उस आवाज के साथ खड़ा है, जिसे दबाने की कोशिश की जा रही है। प्रदर्शन के बाद भीम आर्मी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि जिन मामलों में ईसाई समाज के लोगों के साथ अत्याचार हुए हैं, उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही ईसाई समुदाय को पर्याप्त सुरक्षा देने की भी मांग रखी गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि ज्ञापन को उच्च स्तर तक भेजा जाएगा और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन