महाशिवरात्रि को लेकर सख्त निर्देश : शांति और सुरक्षा का खाका तैयार, डीएम-एसपी ने की पीस कमेटी बैठक
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, Feb 9, 2026
साफ-सफाई, बिजली, पानी, महिला सुरक्षा और ट्रैफिक पर रहेगा खास फोकस

उन्नाव। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा, कानून व्यवस्था और यातायात को लेकर किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए विकास भवन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरांग राठी ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में धर्मगुरुओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, संभ्रांत नागरिकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान महाशिवरात्रि पर निकलने वाली शोभा यात्राओं और मेलों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को खुलकर रखा गया। कहीं रास्तों की खराब हालत का मुद्दा उठा तो कहीं बिजली, पानी और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई।
जिलाधिकारी ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों और संबंधित विभागों को साफ निर्देश दिए कि शिवालयों और शोभा यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत और महिला सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम समय से पूरे किए जाएं।
डीएम ने पीडब्ल्यूडी, पुलिस, प्रशासन और आयोजकों की संयुक्त टीम बनाकर रूट का स्थलीय निरीक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था से पहले ही निपटा जा सके। मेलों में विशेष तौर पर महिला सुरक्षा, शौचालय, पीने के पानी, सफाई और झूलों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बरतने को कहा गया। सभी एसडीएम, क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के आदेश दिए गए।

विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि मंदिरों और शोभा यात्रा मार्गों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति और पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित की जाए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को डॉक्टरों और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि पर्व को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने, बाइक जुलूसों में नशे से दूर रहने और बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए लाउडस्पीकर का सीमित उपयोग करने की भी अपील की।
पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने स्पष्ट किया कि सभी शोभा यात्राएं केवल पारंपरिक मार्गों से ही निकाली जाएंगी। डीजे पर किसी भी तरह के विवादित या भड़काऊ गीतों की अनुमति नहीं होगी। शोभा यात्रा मार्गों पर मीट की दुकानें बंद रहेंगी। आयोजकों को निर्देश दिए गए कि जुलूस तय समय पर शुरू होकर तय समय पर समाप्त हों और वाहन निर्धारित रूट पर ही चलें। झांकियों की ऊंचाई तय मानकों के अनुसार रखने पर भी जोर दिया गया।
एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अराजक तत्वों पर लगातार नजर रखें और किसी भी अफवाह या गड़बड़ी को शुरुआत में ही रोकें, ताकि महाशिवरात्रि का पर्व पूरे जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में सीडीओ कृति राज, एडीएम वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड, एडीएम न्यायिक विकास कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज, सीओ सिटी, उपजिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी समेत विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन