Sat 06 Jun 2026

ब्रेकिंग

सड़क निर्माण की मांग को लेकर ईओ कार्यालय में दंडवत लेट गए सभासद

घायल बेटे को देखने रायपुर से आया था घर

मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर हरियाली का महाअभियान शुरू

बिजली कटौती को लेकर सपा नेताओं ने एसडीओ से की शिकायत

बिजली कटौती के खिलाफ AAP का हल्लाबोल, डीएम को दिया ज्ञापन

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

24 घंटे में पांचवीं लूट : आईजी की क्राइम मीटिंग के बीच उन्नाव में दिनदहाड़े सर्राफा से लूट

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Thu, May 21, 2026
Post views : 215

नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफ पर सूजे से हमला कर उड़ाए लाखों के जेवर

उन्नाव। बुधवार दोपहर उस समय पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस लाइन में अपराध समीक्षा बैठक चल रही थी और उसी दौरान शहर के पास सर्राफा कारोबारी को निशाना बनाकर बड़ी लूट की वारदात हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बैठक छोड़ पुलिस अधिकारी मौके की ओर रवाना हो गए। सदर कोतवाली क्षेत्र के भवनीखेड़ा चौराहे पर स्थित एक सर्राफा दुकान में घुसे चार नकाबपोश बदमाशों ने दुकानदार पर हमला कर करीब चार लाख रुपये के जेवर और नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दो बाइकों से अचलगंज की तरफ फरार हो गए। घटना दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है।

पहले ग्राहक बनकर पहुंचे दो लड़के, फिर 15 मिनट बाद हुई लूट

पीडी नगर मोहल्ला निवासी सुशील वर्मा की भवनीखेड़ा चौराहे के पास सर्राफा दुकान है। सुशील के मुताबिक दोपहर में पहले बाइक से आए दो किशोर दुकान पर पहुंचे। उन्होंने सोने-चांदी के दाम पूछे और अंगूठी व चेन भी देखी। कुछ देर बाद दोनों वहां से चले गए। करीब 15 मिनट बाद दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश दुकान में घुस आए। बदमाशों ने आते ही बर्फ तोड़ने वाले सूजे से सुशील पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वह संभल भी नहीं पाए। आरोप है कि दो बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया, जबकि बाकी दो ने काउंटर और गल्ले में रखे जेवर व नकदी समेट ली। पीड़ित के अनुसार बदमाश करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद लूटकर भाग निकले। बदमाशों के जाते ही उन्होंने बेटे जय वर्मा को फोन किया और फिर यूपी-112 पर सूचना दी।

आईजी कर रहे थे अपराध समीक्षा, सूचना मिलते ही मची हलचल

घटना के वक्त आईजी किरण यश पुलिस लाइन में जिले के अपराधों की समीक्षा कर रहे थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आईजी ने तुरंत पुलिस टीमों को मौके पर भेजा और खुद भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसपी जयप्रकाश सिंह, एएसपी अखिलेश सिंह और एएसपी नगर व सीओ सिटी श्री दीपक यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के इलाकों के साथ उन्नाव-रायबरेली और लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कराया। कई टीमों को अलग-अलग दिशाओं में रवाना किया गया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, अब तक खाली हाथ

पुलिस के मुताबिक घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र, ललऊखेड़ा चौकी प्रभारी रवि मिश्र और क्राइम ब्रांच की टीमें बदमाशों के रूट की पड़ताल में जुटी हैं। हालांकि देर शाम तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका था। आईजी किरण यश ने घटना के खुलासे के लिए 24 घंटे की समयसीमा तय करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

24 घंटे में पांचवीं लूट से बढ़ी चिंता

उन्नाव-लालगंज हाईवे और आसपास के इलाकों में लगातार बढ़ रही लूट की घटनाओं ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। मंगलवार को भी बाइक सवार बदमाशों ने एक घंटे के भीतर चार अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया था। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया था, लेकिन अब तक आरोपियों तक पहुंच नहीं बन सकी है। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों और आम लोगों में डर का माहौल है। खासतौर पर दिनदहाड़े सर्राफा दुकान में हुई लूट ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

लापरवाही पर कार्रवाई, दो थाना प्रभारी निलंबित

लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आईजी किरण यश ने अचलगंज थाना प्रभारी बृजेश शुक्ला और बीघापुर थानाध्यक्ष राजपाल को निलंबित कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अपराध नियंत्रण में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई गई। घटनाओं के खुलासे के लिए सात पुलिस टीमें बनाई गई हैं। साथ ही बदमाशों के बारे में पुख्ता सूचना देने वाले के लिए एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन