पुलिस की बड़ी कार्रवाई : फायरिंग के बाद गोकशी और गैंगस्टर एक्ट का आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ के बाद सीएचसी में भर्ती
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, Jan 23, 2026
पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हैं गंभीर अपराध, पूछताछ में सामने आए कई खुलासे

उन्नाव। मौरावां इलाके में गुरुवार रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में गोकशी और गैंगस्टर एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी है। घायल हालत में उसे मौरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, मौरावां पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम मौरावां–कालूखेड़ा मार्ग पर जियो पेट्रोल पंप के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक से आ रहे दो युवकों को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों ने बाइक मोड़ ली और भागने लगे। अफरातफरी में बाइक पर पीछे बैठा युवक सड़क पर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी बाइक लेकर लखनऊ की ओर फरार हो गया। सड़क पर गिरे युवक ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायर कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो उसके बाएं पैर में लगी। घायल युवक की मौके पर ही पहचान मो. नईम खां उर्फ मोटू के रूप में हुई। वह थाना बंथरा, जिला लखनऊ का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने अहम खुलासे किए। उसने बताया कि 14 जनवरी को असोहा थाना क्षेत्र में एसओजी टीम की दो गाड़ियों में टक्कर मारकर वह स्कॉर्पियो से फरार हुआ था। उस दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग भी की थी। इस मामले में असोहा थाने में तत्कालीन एसओ फूल सिंह की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था।
सीओ पुरवा तेज बहादुर सिंह ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश किराए पर वाहन लेकर गोकशी की वारदातों को अंजाम देता था। 14 जनवरी को भी वह अपने साथी के साथ असोहा क्षेत्र में गोकशी की योजना से पहुंचा था। पुलिस की घेराबंदी के दौरान उसने हमला कर भागने की कोशिश की थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मो. नईम खां पर पहले से कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। सीतापुर जिले के थाना कमलापुर में उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज है। इसके अलावा असोहा थाने में भी गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला चल रहा है। पुलिस अब फरार साथी की तलाश में दबिश दे रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर गोकशी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन