पानी का हिसाब नहीं : फिर भी धड़ल्ले से धुल रहे थे वाहन
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Sep 6, 2026
डीएम के निर्देश पर एसडीएम-ईओ के साथ प्रदूषण नियंत्रण और भूगर्भ विभाग की टीम ने खंगाले वाहन धुलाई सेंटर
उन्नाव। शहर के लोकनगर में वाहनों की धुलाई के नाम पर भूगर्भ जल के इस्तेमाल को लेकर प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार को अलग-अलग विभागों की संयुक्त टीम ने लोकनगर पहुंचकर वाहन धुलाई सेंटरों की पड़ताल की। टीम को कई सेंटर ऐसे मिले, जहां संचालन के लिए जरूरी लाइसेंस नहीं लिया गया था। अधिकारियों ने मौके पर संचालकों को नियमों का पालन करने और लाइसेंस प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। सदर एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा की मौजूदगी में चले अभियान में नगर पालिका के ईओ, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और भूगर्भ विभाग के अधिकारी शामिल रहे। टीम ने सेंटरों पर पहुंचकर यह देखा कि वाहन धुलाई के लिए पानी की व्यवस्था कहां से की जा रही है और सेंटर संचालन के लिए आवश्यक अनुमति ली गई है या नहीं। जांच में बिना लाइसेंस सेंटर चलते मिलने पर जिला भूगर्भ जल प्रबंधन परिषद की ओर से संबंधित संचालकों को नोटिस दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि वाहन धुलाई के लिए भूगर्भ जल का इस्तेमाल नियमों के तहत ही किया जा सकता है। इसके लिए जरूरी अनुमति और लाइसेंस लेना अनिवार्य है। बिना प्रक्रिया पूरी किए सेंटर चलाने पर आगे कार्रवाई की जा सकती है।
पानी की बर्बादी पर भी नजर
वाहन धुलाई सेंटरों में बड़ी मात्रा में पानी खर्च होता है। ऐसे में प्रशासन की नजर केवल लाइसेंस तक सीमित नहीं है, बल्कि पानी के इस्तेमाल और भूगर्भ जल संरक्षण से जुड़े नियमों के पालन पर भी है। अधिकारियों ने संचालकों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित मानकों के अनुसार ही सेंटर संचालित करें।
विभागों के साथ मिलकर होगी निगरानी
डीएम के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में कई विभागों की मौजूदगी से साफ है कि प्रशासन अब ऐसे सेंटरों की गतिविधियों को लेकर गंभीर है। अधिकारियों ने संचालकों को लाइसेंस बनवाकर ही सेंटर चलाने की हिदायत दी है। कार्रवाई के बाद लोकनगर में बिना अनुमति वाहन धुलाई सेंटर संचालित करने वालों में हलचल रही। एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि जल संरक्षण को लेकर प्रशासन गंभीर है। भूगर्भ जल के अवैध इस्तेमाल पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सेंटर संचालकों को चेताया कि बिना अनुमति दोबारा संचालन मिला तो कार्रवाई तय है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन