Sat 18 Apr 2026

ब्रेकिंग

पहले से पूरे कार्यों को दोबारा टेंडर में शामिल करने का आरोप

मंगेतर की मौत के सदमे में युवती ने भी दी जान, दो परिवारों में मातम

घायल नंदी के लिए देवदूत बने राष्ट्रीय गौसंरक्षक दल के कार्यकर्ता,तत्परता से बचाई जान

अब शादी समारोह में नहीं पड़ेगी गैस की कमी, प्रशासन ने किया इंतजाम

मुरादाबाद पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी: अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

घरेलू झगड़े ने उजाड़ा परिवार : पहले पत्नी का कत्ल फिर छत से लटक कर दी जान

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Wed, Jan 14, 2026
Post views : 166

रोज-रोज की कलह बनी मौत की वजह, एक घंटे में उजड़ गया घर

उन्नाव। सुबह की खामोशी अचानक चीखों में बदल गई। एक ही घर में कुछ ही घंटों के भीतर पति और पत्नी की मौत की खबर फैली तो पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया। पहले पत्नी की हत्या, फिर पति की आत्महत्या। बांगरमऊ के नौनिहाल गंज मोहल्ले में बुधवार को सामने आई यह वारदात रिश्तों के भीतर पल रहे तनाव और गुस्से की भयावह तस्वीर पेश कर गई।

रोज-रोज के झगड़े ने ली दो जानें

बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के नौनिहाल गंज मोहल्ले के संगम कालोनी में रहने वाला संजय गुप्ता ई-रिक्शा चालक था। परिवार में बुजुर्ग मां सियादुलारी, पत्नी वंदना और दो छोटे बच्चे थे। पड़ोसियों और परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा आम हो गया था, जिससे घर का माहौल लगातार तनावपूर्ण बना रहता था। मंगलवार शाम भी यही हुआ। संजय शराब पीकर घर लौटा, इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी बढ़ गई। परिवार और पड़ोसियों ने किसी तरह दोनों को समझाकर शांत कराया। रात में सभी ने खाना खाया और सो गए। किसी को अंदाजा नहीं था कि अगली सुबह यह झगड़ा जानलेवा मोड़ ले लेगा।

सुबह फिर भड़का विवाद, फिर छा गई खामोशी

बुधवार सुबह घर में सब कुछ सामान्य लग रहा था। संजय की मां किसी काम से मोहल्ले में निकल गईं और बच्चे बाहर खेल रहे थे। इसी बीच संजय के उठते ही पति-पत्नी के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। आवाजें तेज थीं। एक पड़ोसी ने झगड़ा होता देखा तो बीच-बचाव किया और दोनों को शांत कराकर अपने काम में लग गया। करीब एक घंटे बाद घर से कोई हलचल नहीं दिखी। न दरवाजा खुला, न आवाज आई। पड़ोसी को शक हुआ। जब उसने अंदर झांककर देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। वंदना जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी थी।

छत पर लटका मिला पति

घबराकर पड़ोसी ने संजय की मां को बुलाया। जब घर की तलाशी ली गई तो संजय अंदर नहीं मिला। इसके बाद सभी लोग छत पर पहुंचे। वहां का दृश्य और भी डरावना था। संजय छत की बाहरी दीवार से रस्सी के सहारे लटका हुआ था। सूचना मिलते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को तुरंत जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

गुस्से में की हत्या, फिर खुद भी दी जान

पड़ोसियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, झगड़े के बाद गुस्से में आकर संजय ने घर में रखे दुपट्टे से पत्नी वंदना का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह ऊपर छत पर गया, वहां पड़ी रस्सी से फंदा बनाया और कूदकर आत्महत्या कर ली।

मां का दर्द: समझाते-समझाते थक गई थी

बुजुर्ग मां सियादुलारी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के झगड़े से पूरा परिवार परेशान था। कई बार दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनती थी। मंगलवार को भी विवाद हुआ था, जिसे किसी तरह शांत कराया गया। बुधवार सुबह वह घर से बाहर निकली थीं, तभी यह हादसा हो गया।

बच्चों के सिर से उठा मां-बाप का साया

इस दिल दहला देने वाली घटना ने दो मासूम बच्चों को अनाथ कर दिया है। छह साल का हर्ष और चार साल की खुशी। उम्र इतनी छोटी कि अभी ठीक से बोलना और समझना ही सीख रहे थे, लेकिन किस्मत ने उनसे मां-बाप दोनों छीन लिए। एक ही घर से उठी दो अर्थियों ने इन मासूमों को हमेशा के लिए अनाथ कर दिया। जिस आंगन में कल तक बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है। मोहल्ले के लोग बच्चों को देख भावुक हैं और हर किसी के मन में यही सवाल है कि अगर समय रहते घरेलू कलह पर काबू पा लिया जाता, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।

पुलिस कर रही जांच

बांगरमऊ कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडे ने बताया कि पति-पत्नी के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन