कार का दरवाजा खुलते ही बाइक टकराई : ट्रक से कुचलकर युवती की मौत
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Tue, Mar 10, 2026
शादी से लौट रहा था परिवार, पिता-पुत्री घायल, 50 मीटर तक घिसटा शव
उन्नाव। सफीपुर कोतवाली क्षेत्र कर उन्नाव-हरदोई मार्ग पर मंगलवार रात एक लापरवाही भरा पल दर्दनाक हादसे में बदल गया। सड़क किनारे खड़ी कार का दरवाजा अचानक खुलने से उससे टकराकर बाइक सवार परिवार सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आकर एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चाचा और बहन को हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। कस्बे के बबरअली खेड़ा मोहल्ला निवासी सोनू पांडेय मंगलवार को अपनी बेटी आद्या (24) और भतीजी प्रज्ञा (26) पुत्री सुशील पांडेय के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब 10 बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे उन्नाव-हरदोई मार्ग पर कस्बे के बाहर एक गेस्ट हाउस के सामने पहुंचे, सड़क किनारे खड़ी कार में बैठे युवक ने अचानक दरवाजा खोल दिया। अचानक खुला दरवाजा सीधे बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक असंतुलित होकर गिर गई। सोनू पांडेय और उनकी बेटी आद्या सड़क के बाईं ओर गिर पड़े, जबकि दरवाजे की टक्कर से प्रज्ञा दाहिनी ओर जा गिरी। उसी समय बांगरमऊ की ओर से आ रहा ट्रक उसे अपनी चपेट में लेता हुआ आगे बढ़ गया। युवती ट्रक में फंसकर करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कार चालक को हिरासत में ले लिया। ट्रक को भी कब्जे में कर लिया गया है। घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने गेस्ट हाउस के बाहर सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि यहां अक्सर सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी कर दी जाती हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है और हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने आरोप लगाया कि इस समस्या की जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहे थे। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी एसएन त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। उन्होंने बताया कि कार चालक को पकड़ लिया गया है, जबकि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों के अनुसार, मृतका प्रज्ञा एक निजी कॉलेज में शिक्षिका थी और साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता सुशील पांडेय, मां ओमलता, छोटे भाई विनायक और श्लोक सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में भी इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन