बिना कागज चल रहा नर्सिंग होम सील : शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sat, Feb 28, 2026
मुख्यमंत्री पोर्टल पर आई थी शिकायत, जांच में नहीं मिले जरूरी दस्तावेज
उन्नाव। जिले के नवाबगंज कस्बे में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने एक निजी नर्सिंग होम पर बड़ी कार्रवाई की। कानपुर–लखनऊ हाईवे के बाईपास पर चल रहे इस अस्पताल को जांच के बाद सील कर दिया गया। मामला मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, स्थानीय स्तर पर इस नर्सिंग होम के संचालन को लेकर शिकायत की गई थी। शिकायत में आरोप था कि संस्थान निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं चल रहा। शिकायत शासन स्तर तक पहुंची तो जांच के निर्देश दिए गए।इसी क्रम में एसीएमओ डॉ. नरेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन से पंजीकरण और संचालन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए। अधिकारियों के अनुसार, संचालक जरूरी कागजात पेश नहीं कर सके। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि नर्सिंग होम स्वास्थ्य विभाग के तय मानकों के अनुरूप संचालित नहीं हो रहा था। जांच के बाद विभाग ने तत्काल प्रभाव से नर्सिंग होम को सील कर दिया। साथ ही संचालक को निर्देश दिया गया है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ विभाग के समक्ष उपस्थित हों। दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बिना पंजीकरण या मानक पूरे किए किसी भी चिकित्सा संस्थान का संचालन मरीजों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे। स्थानीय लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर चर्चा है। कई लोगों का कहना है कि हाईवे किनारे खुले छोटे निजी अस्पतालों की समय-समय पर जांच होनी चाहिए, ताकि इलाज के नाम पर किसी तरह की लापरवाही न हो। फिलहाल नर्सिंग होम बंद कर दिया गया है और आगे की प्रक्रिया विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ेगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन