19 दिन बाद खुलासा : महिला शिक्षामित्र की हत्या में पति ही निकला कातिल
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, Feb 16, 2026
बाहरी हमले की कहानी गढ़कर करता रहा गुमराह, मोबाइल को लेकर विवाद बनी वजह

उन्नाव। असोहा थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव में महिला शिक्षामित्र की गोली मारकर हत्या के मामले में 19 दिन बाद पुलिस ने परत-दर-परत सच खोला। घर के भीतर हुई इस वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि पति ही निकला। जिस घटना को शुरू में बाहरी हमलावरों की करतूत बताया गया था, वह घरेलू कलह का नतीजा निकली। जिस वारदात को पहले बाहरी हमलावर की करतूत बताया जा रहा था, वह दरअसल घरेलू कलह का नतीजा निकली। पुलिस के मुताबिक महिला की हत्या उसके पति ने ही की थी और बाद में घटना को बदमाशों की हरकत दिखाने की कोशिश की गई। घटना 28 जनवरी 2026 की रात की है। गोकुलपुर निवासी 38 वर्षीय महिला शिक्षा मित्र श्रीकांती की घर के भीतर गोली लगने से मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पति ओमकार ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। शुरुआत में मामला बाहरी हमले का माना गया, लेकिन जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, तस्वीर बदलती गई।
जांच में सामने आए संदेह
पुलिस को घटनास्थल पर जबरन घुसने के कोई निशान नहीं मिले। घर चारों तरफ से बंद था। घटनाक्रम में भी कई विरोधाभास नजर आए। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। इसी दौरान पति के बयान बदलते दिखे, जिससे शक गहराया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली।
अंधेरा कर चलाई गोली
पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग के शक में दंपति के बीच मोबाइल फोन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी कई बार पत्नी से मोबाइल लेने की कोशिश कर चुका था। घटना वाली रात घर में वह, पत्नी और बेटी अलग-अलग चारपाई पर सो रहे थे। ओमकार ने पहले इन्वर्टर बंद कर अंधेरा कर दिया। इसके बाद अपनी चारपाई से ही 315 बोर के तमंचे से पत्नी के सिर पर गोली चला दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद उसने छत पर जाकर एक और फायर किया, ताकि मामला बाहरी हमले जैसा लगे। नीचे आकर बेटी से कहा कि कोई बदमाश गोली मारकर भाग गया है। फिर परिचितों को फोन कर शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
बयान बदलता रहा, देता रहा आत्महत्या की धमकी
शुरुआत से ही पुलिस का शक मृतका के पति पर केंद्रित था और उसी आधार पर उससे लगातार पूछताछ की जा रही थी। हर बार सवालों के घेरने पर वह बयान बदल देता और जांच को दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश करता रहा। सूत्रों के मुताबिक दबाव बढ़ने पर उसने बेटी समेत आत्महत्या की धमकी भी दी थी। पुख्ता साक्ष्य तुरंत हाथ न लगने से पुलिस खुलकर कार्रवाई करने की स्थिति में नहीं थी। हालांकि तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटने के बाद आखिरकार सच्चाई सामने आ ही गई।
तालाब से बरामद हुआ तमंचा
प्रभारी निरीक्षक फूल सिंह ने बताया कि आरोपी पति ओमकार ने घटना में इस्तेमाल तमंचा गांव के पास एक तालाब में फेंक दिया था। 16 फरवरी 2026 को पुलिस टीम के साथ लालाखेड़ा चौराहे से आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर तालाब से 315 बोर का तमंचा बरामद किया गया। मामले में हत्या के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन