रोशनी का विस्तार : सदर विधायक पंकज गुप्ता के प्रस्ताव पर शहर के प्रमुख इलाकों में हाईमास्ट लाइटों का लोकार्पण
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Dec 31, 2025
सुरक्षा, सुविधा और सौंदर्य को ध्यान में रखकर सिविल लाइन क्षेत्र से हुई शुरुआत

उन्नाव। शहर की तस्वीर बदलने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ाते हुए सदर विधायक पंकज गुप्ता के प्रस्ताव पर सिविल लाइन क्षेत्र में सौंदर्यकरण योजना के तहत लगाए गए हाईमास्ट लाइटों का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस योजना के अंतर्गत शहर के उन इलाकों को रोशनी से जोड़ा गया है, जो अब तक अंधेरे की वजह से लोगों के लिए असुविधा और असुरक्षा का कारण बने हुए थे। उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि यह पहल केवल स्ट्रीट लाइट लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध शहर की सुरक्षा, नागरिक सुविधा और लोगों के भरोसे से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि जब रास्ते रोशन होते हैं तो लोगों का डर कम होता है और आने जाने में सहजता बढ़ती है। उजाला बढ़ने से व्यापार, आवागमन और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलती है। उनका कहना था कि उन्नाव को एक सुरक्षित, सुंदर और आत्मविश्वास से भरा शहर बनाना ही इस योजना का उद्देश्य है। उन्होंने आगे कहा कि शहर के चौराहे, प्रमुख सड़कें और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र अब रात के समय भी बेहतर तरीके से दिखाई देंगे। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। विधायक ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में विकास और सौंदर्यकरण से जुड़ी ऐसी योजनाएं लगातार जारी रहेंगी, ताकि उन्नाव आधुनिक सुविधाओं से लैस शहर के रूप में आगे बढ़ सके।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने भी योजना की सराहना की और इसे जनहित में एक जरूरी कदम बताया। उनका कहना था कि हाईमास्ट लाइटें लगने से न केवल अंधेरा दूर होगा, बल्कि शहर की सुंदरता भी निखरेगी।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, ज्ञानेंद्र शुक्ला, सभासद डॉक्टर मीरा आर्या, सुनील अवस्थी, राजेंद्र भारती, बृजेश पांडेय, रवि कुमार, दिनेश लोधी, निशेश जायसवाल, सुशील तिवारी, गोपाल अवस्थी, सभासद अतुल वर्मा, जिला महामंत्री प्रवीण सिंह, नूतन सिंह, जिला कोषाध्यक्ष मनीष जायसवाल, सचिन त्रिपाठी, गोलू सिंह चंदेल, नगर अध्यक्ष अवनीश गुप्ता, डीसीएफ उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला, नगर मंत्री प्रीति, पंकज तिवारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने उम्मीद जताई कि इस तरह की योजनाओं से उन्नाव न सिर्फ रोशनी में, बल्कि विकास के रास्ते पर भी आगे बढ़ता रहेगा।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन