एक छत के नीचे डॉक्टरों की टीम : जांच भी हुई, दवा भी मिली
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sat, Sep 12, 2026
मेगा हेल्थ कैंप में 30 लोगों को चश्मे बांटे, सात मरीज ऑपरेशन के लिए चिन्हित

उन्नाव। शुक्लागंज के डीबी पैलेस में शनिवार को लगे मेगा हेल्थ कैंप में 150 से ज्यादा लोगों ने पहुंचकर अपनी सेहत की जांच कराई। किसी ने शुगर और बीपी की जांच कराई तो किसी ने आंख, नाक, कान और गले की समस्या के लिए डॉक्टर से सलाह ली। खास बात यह रही कि जरूरतमंद 30 लोगों को मौके पर ही निःशुल्क चश्मे दिए गए, जबकि सात मरीजों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन की ओर से लगाए गए इस शिविर में अलग-अलग अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों की विशेषज्ञ टीमें मौजूद रहीं। मेदांता हॉस्पिटल की टीम ने पीएफटी, बीएमडी, शुगर और ब्लड प्रेशर समेत कई जांचें कीं। फिजिशियन डॉ. अमित शांडिल्य ने मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी।

प्रकाश आई हॉस्पिटल की टीम ने आंखों के साथ नाक, कान और गले की जांच की। शिविर में कुल 77 लोगों की आंखों की जांच और 52 लोगों की नाक, कान व गले की जांच की गई। जांच के बाद 30 लोगों को निःशुल्क चश्मे दिए गए। सात मरीज ऐसे मिले, जिन्हें आगे ऑपरेशन की जरूरत बताई गई।होम्योपैथिक इलाज के लिए डॉ. जितेंद्र यादव के नेतृत्व में रामराज हैनीमैन होमियोपेथिक की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाएं दीं। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रद्धा दीक्षित ने महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं और जरूरी दवाएं उपलब्ध कराईं। अपूर्वा पैथोलॉजी की टीम ने भी लोगों की बीपी, शुगर और हीमोग्लोबिन समेत विभिन्न जांचें कीं। शिविर में 88 लोगों की शुगर, 54 की बीपी और 36 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच हुई। आयोजकों के मुताबिक कैंप का मकसद उन लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था, जो आर्थिक परेशानी, शारीरिक दिक्कत या समय की कमी के कारण बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते।

सदर विधायक पंकज गुप्ता ने शिविर का निरीक्षण कर व्यापार संगठन की जनसेवा की पहल की सराहना की। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि संदीप पांडेय ने इसे शुक्लागंज के लोगों के लिए उपयोगी पहल बताया। नगर पालिका उन्नाव अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण मिश्र भानू ने कहा कि एक ही जगह पर विभिन्न विशेषज्ञों की सेवाएं और जांच मिलना लोगों के लिए काफी लाभकारी रहा। सपा नेता वीरेंद्र शुक्ल और नर सेवा नारायण सेवा के संस्थापक विमल द्विवेदी ने भी आयोजन को जरूरतमंदों के लिए उपयोगी बताया।

व्यापार संगठन अध्यक्ष अमित मिश्रा ने कहा कि संगठन का प्रयास है कि आर्थिक या दूसरी वजहों से अस्पताल न पहुंच पाने वाले लोगों को उनके आसपास ही जरूरी स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. मनीष सेंगर ने बताया कि शिविर में 150 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीष सेंगर और लक्ष्य निगम ने किया। इस मौके पर व्यापार मंडल महामंत्री विशाल गुप्ता, अभ्युदय सेवा संस्थान अध्यक्ष डॉ. प्रभात सिन्हा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित निगम लोली, विजय प्रताप सिंह, नितिन शर्मा, अमन सिंह सेंगर, सभासद अशोक सविता, अभिषेक शुक्ल, नामित सभासद धीरज सिंह, मनीष गुप्ता, विदित मिश्रा, संजय एडी, राहुल कश्यप समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन