Mon 20 Apr 2026

ब्रेकिंग

मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, वैशाली के डॉक्टरों ने मुरादाबाद निवासी 51 वर्षीय राजेश्वर कुमार का जटिल लिविंग डोनर लिवर

दो गंभीर रूप से घायल,अज्ञात वाहन हुआ फरार

जामा मस्जिद क्षेत्र में सील दुकानों को लेकर व्यापारियों का हल्ला बोल, धरने पर बैठे दुकानदार

बुद्धि विहार में ‘आओ हाथ बढ़ाएं’ ट्रस्ट ने लगाया निःशुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर, 60 महिलाओं ने कराई जांच

मिड टाउन क्लब में रक्तदान शिविर का आयोजन, एसपी सिटी ने बढ़ाया रक्तदाताओं का हौसला

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

गेल इंडिया के गैस सब स्टेशन में बड़ी चूक : तेज आवाज के साथ रिसाव, घंटों तक बना रहा खतरा

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Wed, Dec 31, 2025
Post views : 198

लखनऊ, कानपुर और औरैया से पहुंची इंजीनियरों की टीमें, इलाके में हाई अलर्ट

उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र के लोहचा गांव स्थित गेल इंडिया लिमिटेड के गैस सब स्टेशन में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब अचानक तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में लोग घरों से बाहर निकल आए और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अचलगंज पुलिस, फायर सर्विस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया। करीब चार घंटे बीत जाने के बाद भी गैस रिसाव पूरी तरह बंद नहीं हो सका, जिससे खतरा लगातार बना रहा।

कर्मियों की कोशिश नाकाम, बाहर से बुलाई गई टीमें

स्टेशन पर मौजूद गेल इंडिया के कर्मियों ने शुरुआती तौर पर रिसाव रोकने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद गेल इंडिया प्रबंधन ने लखनऊ, कानपुर और औरैया से इंजीनियरों की विशेष टीमें मौके पर बुलाईं। तकनीकी विशेषज्ञों ने पाइपलाइन, वाल्व और अन्य उपकरणों की गहन जांच शुरू की। गैस प्रेशर को नियंत्रित करने और रिसाव वाले हिस्से को सुरक्षित करने का काम कई घंटों तक युद्धस्तर पर चलता रहा।

अलाव बुझवाए, बीड़ी-सिगरेट पर सख्त रोक

गैस रिसाव के चलते आग लगने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आसपास जल रहे सभी अलाव तत्काल बुझवा दिए। किसी भी तरह की चिंगारी से खतरा न बढ़े, इसके लिए बीड़ी और सिगरेट जलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई। पुलिस ने करीब एक किलोमीटर के दायरे में फैलकर लोगों की आवाजाही बंद कर दी और प्लांट के आसपास किसी को भी रुकने नहीं दिया।

मुख्य मार्ग सील, यातायात डायवर्ट

एसओ ब्रजेश शुक्ल ने अचलगंज से उन्नाव की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर करीब एक किलोमीटर पहले ही बैरिकेडिंग कर दी। इस मार्ग से हो रहे आवागमन को पूरी तरह रोक दिया गया और वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया गया। मौके पर मौजूद लोगों को भी एक किमी दूर तक हटाया गया ताकि किसी तरह का जोखिम न रहे।

ग्रामीणों में दहशत, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में डर का माहौल बन गया। कई ग्रामीण अपने परिवारों के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। पुलिस ने मौके पर डटे रहकर लोगों को समझाया, अफवाहों से बचने की अपील की और प्लांट के आसपास न जाने की सख्त हिदायत दी। पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी की जाती रही।

फायर ब्रिगेड पूरी तरह तैनात

एहतियातन दमकल विभाग के कई वाहन और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। हवा की दिशा, गैस के फैलाव और दबाव पर लगातार नजर रखी गई। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सर्विस को पूरी तरह तैयार रखा गया।

प्राकृतिक गैस पाइपलाइन, लंबा रूट

सीओ बीघापुर मधुपनाथ मिश्र ने बताया कि यह प्राकृतिक गैस की पाइपलाइन है, जो औरैया जिले के दिबियापुर से प्रयागराज के फूलपुर तक जाती है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से पूरे एरिया की निगरानी शुरू कर दी गई है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी व्यक्ति खतरे वाले क्षेत्र में प्रवेश न करे।

तकनीकी खराबी की आशंका, जांच जारी

प्रारंभिक जांच में गैस पाइपलाइन या किसी तकनीकी उपकरण में खराबी के कारण रिसाव होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी। इंजीनियरों की टीम सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा कर रही है।

प्रशासन का दावा, स्थिति नियंत्रण में

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं। अब तक किसी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक गैस रिसाव पूरी तरह बंद नहीं हो जाता, तब तक पुलिस, फायर सर्विस और तकनीकी टीमें मौके से नहीं हटेंगी। हालात सामान्य होने तक इलाके में सतर्कता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन