यादों को सेवा से जोड़ेंगे : अजीत सिंह की स्मृति में होंगे कई कार्यक्रम
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, Aug 21, 2026
जयंती पर मैराथन, पुण्यतिथि पर सेवा कार्यक्रम
ट्राई साइकिल, छात्रवृत्ति और रक्तदान होगा

सनी सिंह बोले, उन्नाव की जनता के दिलों में आज भी जिंदा हैं पिता की यादें
उन्नाव। पूर्व सदस्य विधान परिषद स्व. अजीत सिंह की जयंती और 22वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 23 अगस्त से पांच सितंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें मैराथन, सुंदरकांड पाठ, भंडारा, दिव्यांगों को ट्राई साइकिल वितरण, निर्धन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, मरीजों को फल वितरण, रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर शामिल हैं। शुक्रवार को मोतीनगर स्थित विशाल कांटीनेंटल में प्रेसवार्ता के दौरान उनके पुत्र एंव भाजपा नेता शशांक शेखर सिंह ‘सनी’ ने कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को अजीत सिंह की जयंती के मौके पर गांधी नगर तिराहा से चार किलोमीटर मैराथन दौड़ होगी। इसमें प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 21 हजार रुपये, द्वितीय को 11 हजार और तृतीय स्थान पाने वाले को 5100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैराथन के जरिए युवाओं को खेल के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पांच सितंबर को अजीत सिंह की 22वीं पुण्यतिथि पर मुख्य कार्यक्रम होंगे। सुबह नौ बजे सुंदरश्वर महादेव मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक अरोड़ा रिजॉर्ट, ककवा खेड़ा में श्रद्धांजलि सभा और सेवा कार्यक्रम होंगे। यहां जरूरतमंद दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, निर्धन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित करने के साथ रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा। शशांक शेखर सिंह ‘सनी’ ने कहा कि उनकी माता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह लगातार सामाजिक कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की मदद कर रही हैं। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाना परिवार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से अजीत सिंह की जयंती और पुण्यतिथि पर होने वाले कार्यक्रमों को सेवा कार्यों से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि पिता आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उन्नाव की जनता के दिलों में उनकी स्मृतियां आज भी जीवित हैं। जन्मदिन से पुण्यतिथि तक आयोजित होने वाला प्रत्येक कार्यक्रम परिवार के लिए केवल आयोजन नहीं, बल्कि उनके प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। किसी जरूरतमंद दिव्यांग को ट्राई साइकिल मिलना, निर्धन विद्यार्थी को पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति मिलना, मरीजों को फल मिलना या रक्तदान के जरिए किसी जरूरतमंद की मदद होना ही उनके पिता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आमजन से कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन