Sat 31 Oct 2026

ब्रेकिंग

मीडिया प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्यूरो रिपोर्ट रामपुर,

अनिल सिंह सिसौदिया” द्वारा सरदार पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुलिस कर्मियों को देश की एकता,अखण्डता एवं सुरक्षा

तिकोनिया पार्क में याद किए गए लौह पुरुष

स्वागत में उमड़े कार्यकर्ता, बड़े चेहरे रहे नदारद

14 लाख एडवांस लेकर दूसरे को बेची

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

बक्से में मिला शव, 12 घंटे में खुला राज : नशे की लत और घरेलू कलह बनी हत्या की वजह; पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Wed, Oct 21, 2026
Post views : 282

1200 रुपये में तय किया लोडर का किराया, सीसीटीवी और एनपीआर कैमरों से मिला सुराग

उन्नाव। रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर एक निजी हॉस्पिटल के सामने लोहे के बक्से में युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा करने का दावा करते हुए मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, सोनू की नशे की लत और पति-पत्नी के बीच आए दिन होने वाले विवाद हत्या की वजह बने। पुलिस का दावा है कि पत्नी नेहा रावत ने पड़ोसी जितेंद्र सिंह उर्फ राहुल के साथ मिलकर सोनू की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि 19 और 20 अक्तूबर की दरम्यानी रात लोढ़ा-बट्टा से हमला करने के बाद कंबल से उसका मुंह और नाक दबा दिए गए। हत्या के बाद शव को चादर और कंबल में लपेटकर लोहे के बक्से में बंद किया गया और 1200 रुपये में लोडर तय कर उसे हाईवे किनारे छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी और एनपीआर कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।

हाईवे किनारे बक्से में मिला था शव

मंगलवार की रात को सदर कोतवाली पुलिस को हेल्थ हॉस्पिटल के सामने संदिग्ध लोहे का बक्सा रखे होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो बक्से में चादर और कंबल में लिपटा खून से लथपथ युवक का शव मिला। पुलिस शव को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की पांच टीमें लगाई गईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान एक छोटा हाथी लोडर संदिग्ध नजर आया, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।

कैमरे में बक्सा ले जाता दिखा लोडर

पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में छोटा हाथी लोडर नंबर यूपी 35 एटी 1938 बक्सा लेकर गदनखेड़ा की ओर जाता दिखाई दिया। कुछ समय बाद वही वाहन कानपुर की दिशा में लौटता नजर आया, लेकिन उस पर बक्सा नहीं था। इससे पुलिस को शक हुआ कि शव से भरा बक्सा इसी वाहन से हाईवे किनारे पहुंचाया गया। इसके बाद रास्ते में लगे एनपीआर कैमरों की मदद से वाहन की पहचान की गई। लोडर राजेश गुप्ता के नाम पर पंजीकृत मिला। पुलिस का दावा है कि वाहन से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने और पूछताछ के बाद मृतक की पत्नी नेहा रावत, जितेंद्र सिंह उर्फ राहुल और तौहीद तक पहुंच बनाई गई। तीनों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को पुलिस संरक्षण में लिया गया।

पहली शादी से चार बेटियां, सोनू से था पांच साल का बेटा

पुलिस की पूछताछ के मुताबिक, नेहा की पहली शादी करीब 23 वर्ष पहले लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र के अटौरा निवासी जगदीश से हुई थी। पहली शादी से उसकी चार बेटियां हैं। करीब सात-आठ वर्ष पहले नेहा के संपर्क में सोनू आया। बाद में दोनों ने शादी कर ली। दोनों का पांच वर्ष का एक बेटा भी है। पुलिस का कहना है कि सोनू की नशे की लत को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पूछताछ में नेहा ने सोनू से परेशान होने की बात बताई। पुलिस का दावा है कि इसी घरेलू कलह के चलते नेहा ने पड़ोसी जितेंद्र के साथ मिलकर सोनू की हत्या की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, इस पहलू की जांच में पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों को आधार बनाया जा रहा है।

लोढ़ा-बट्टा से हमला कर कंबल से दबाया मुंह

पुलिस के मुताबिक, 19 और 20 अक्तूबर की दरम्यानी रात नेहा और जितेंद्र ने सोनू पर लोढ़ा-बट्टा से हमला किया। आरोप है कि इसके बाद कंबल से उसका मुंह और नाक दबा दिए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद शव को कमरे में ही रखा गया और अगले दिन उसे ठिकाने लगाने की तैयारी की गई। पूछताछ के अनुसार, मकान खाली करने और सामान दूसरी जगह पहुंचाने के बहाने 1200 रुपये में लोडर तय किया गया। शव को चादर और कंबल में लपेटकर लोहे के बड़े बक्से में रखा गया। पुलिस का दावा है कि बक्से को कंचन नगर, शुक्लागंज से गदनखेड़ा की ओर ले जाकर हाईवे किनारे छोड़ दिया गया।

तौहीद और नाबालिग पर मदद करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, शव से भरे बक्से को लोडर पर रखने और उसे ठिकाने लगाने में तौहीद और एक नाबालिग ने भी मदद की। आरोप है कि बक्से को रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर हेल्थ हॉस्पिटल के सामने सड़क किनारे छोड़ने के बाद सभी वहां से चले गए। बक्से में शव मिलने के बाद मृतक के भाई आशू पुत्र भैयालाल निवासी कंचन नगर की तहरीर पर सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है और मामले की विवेचना जारी है।

हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ घटना में इस्तेमाल लोढ़ा-बट्टा, छोटा हाथी लोडर और लोहे का बड़ा बक्सा बरामद करने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, तौहीद के पास से 4000 रुपये और नाबालिग के पास से 4200 रुपये भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में नेहा रावत की उम्र करीब 40 वर्ष, जितेंद्र सिंह उर्फ राहुल की 35 वर्ष और तौहीद की 25 वर्ष बताई गई है। नेहा कंचन नगर, शुक्लागंज, जितेंद्र कंचन नगर बी और तौहीद सीताराम कॉलोनी, रेलवे पुल के नीचे का निवासी बताया गया है।

लोडर मालिक की भूमिका की जांच

पुलिस के मुताबिक, लोडर राजेश गुप्ता पुत्र शिव प्रसाद गुप्ता निवासी कंचन नगर, शुक्लागंज के नाम पर पंजीकृत है। मामले में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल उसे गिरफ्तार आरोपियों में शामिल नहीं किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, तौहीद के खिलाफ पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एक अवैध असलहा रखने और दूसरा चोरी से संबंधित है।

12 घंटे में खुलासे में सदर पुलिस की अहम भूमिका

सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत मिश्र के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने घटनास्थल तथा आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के अनुसार, एनपीआर कैमरों से वाहन की पहचान होने के बाद जांच आगे बढ़ी। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर करीब 12 घंटे में हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया गया है। बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक उत्तरी आयुष श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह की मौजूदगी में प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की विवेचना जारी है।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन