उत्तर प्रदेश दिवस पर साक्षी महाराज बोले : अब पहचान बन चुका है ‘उत्तम प्रदेश’
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sat, Jan 24, 2026
माघ मेला आस्था का विषय, विवाद से दूर रखें: साक्षी महाराज

उन्नाव। निराला प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद साक्षी महाराज ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्तर प्रदेश के बदलते स्वरूप और उपलब्धियों पर विस्तार से बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मजबूत शासन में उत्तर प्रदेश ने बीते कुछ वर्षों में नई पहचान बनाई है और अब यह सही मायनों में ‘उत्तम प्रदेश’ बन चुका है। सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश केवल भौगोलिक रूप से बड़ा राज्य नहीं है, बल्कि यह देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र भी है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार, विकास कार्यों की गति और प्रशासनिक पारदर्शिता ने प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम किया है। निवेश, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में हुए बदलाव साफ दिखाई दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश दिवस को हर नागरिक के लिए गर्व का विषय बताते हुए उन्होंने कहा कि यह वही भूमि है जहां भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और बाबा विश्वनाथ की आस्था जुड़ी हुई है। यह प्रदेश सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं की धरोहर है, जिसने सदियों से देश को दिशा दी है। उन्होंने कहा कि इस विरासत को संजोकर आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान सांसद साक्षी महाराज ने माघ मेले को लेकर उठ रहे सवालों पर भी स्पष्ट रुख रखा। उन्होंने कहा कि माघ मेला आस्था और श्रद्धा का पर्व है, इसे किसी भी तरह के विवाद से जोड़ना ठीक नहीं है। माघ मेले में सभी श्रद्धालुओं के लिए घाट खुले रहते हैं। कोई छोटा हो या बड़ा, हर व्यक्ति को स्नान करने का समान अधिकार है। गंगा मां किसी को स्नान से नहीं रोकतीं। उन्होंने कहा कि श्रद्धा के नाम पर किसी को भी वहां अपना व्यक्तिगत या राजनीतिक एजेंडा चलाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। माघ मेला समाज को जोड़ने वाला आयोजन है, न कि उसे बांटने का माध्यम। ऐसे धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सांसद ने प्रदेशवासियों से अपील की कि उत्तर प्रदेश दिवस को केवल औपचारिकता न मानें, बल्कि इसे उत्सव के रूप में मनाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत पर हर नागरिक को गर्व होना चाहिए। जिस तरह से उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है, आने वाले समय में यह देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार, मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एच. एन. प्रसाद, सांसद अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर प्रदेश की प्रगति और भविष्य को लेकर सकारात्मक विचार साझा किए।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन