गौशाला में गाय की मौत के बाद प्रधान से 20 हजार रुपये मांगने का आरोप : पुलिस से कार्रवाई की मांग
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Tue, Sep 1, 2026
पांच हजार रुपये छीनने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी दावा
उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव की ग्राम प्रधान रजाना देवी ने कुछ लोगों पर गौशाला में गाय की मौत के बाद गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रधान ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। प्रधान के अनुसार, 26 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे उनकी ग्राम पंचायत की गौशाला में बीमारी के कारण एक गाय की मौत हो गई थी। आरोप है कि इसकी जानकारी मिलने के बाद यथार्थ दुबे, प्रबल पांडेय समेत करीब 10-12 लोग गौशाला पहुंचे। प्रधान का आरोप है कि खुद को गौरक्षक और बजरंग दल से जुड़ा बताने वाले लोगों ने वहां मौजूद महिला केयरटेकर से गाली-गलौज और अभद्रता की। सूचना पर एडीओ पंचायत, पुलिस और पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे। अगले दिन गाय का पोस्टमार्टम और पंचनामा कराने के बाद शव को दफना दिया गया। प्रधान का आरोप है कि 27 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे वही लोग दोबारा उनके पास पहुंचे और 20 हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और प्रधान पद पर काम नहीं करने देने की धमकी दी। प्रधान ने आरोप लगाया कि इसी दौरान जबरन पांच हजार रुपये छीन लिए गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। प्रधान ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में घटना से संबंधित वीडियो और गवाह मौजूद होने की बात कही है। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद थाना स्तर से अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। प्रधान ने उच्चाधिकारियों से मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन