सिद्धनाथ मंदिर के पीछे नाले में मिला युवक का शव : परिजनों ने लगाए आरोप
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Aug 30, 2026
शनिवार रात पोस्टमार्टम नहीं हो सका, रविवार शाम चार बजे कराया गया पोस्टमार्टम, जांच में जुटी पुलिस
उन्नाव। सिद्धनाथ मंदिर के पीछे तालिब सराय वाले नाले में शनिवार देर रात 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हजारी टोला, सिद्धनाथ मंदिर निवासी पंकज गोस्वामी पुत्र स्व. अशोक गोस्वामी के रूप में हुई। परिजनों ने पत्नी से विवाद के बाद उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 6:30 बजे पंकज का पत्नी दीक्षा गोस्वामी से घर के किसी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाद के बाद पंकज घर से निकल गया। देर रात करीब 10 बजे उसके एक दोस्त ने सिद्धनाथ मंदिर के पीछे तालिब सराय वाले नाले में पंकज का शव पड़ा देखा। उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पंकज को आनन-फानन अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। रविवार दोपहर परिजन शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। शाम करीब चार बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पत्नी से मारपीट का आरोप
मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि पंकज के साथ उसकी पत्नी दीक्षा उर्फ सुमन ने मारपीट की थी। परिजनों का कहना है कि पत्नी से विवाद के बाद पंकज ने पत्नी और मोहल्ले के लोगों से कहा था, "आज के बाद हम नहीं आएंगे घर।" इसके कुछ घंटे बाद उसका शव नाले में मिला। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
फूलों की दुकान लगाकर करता था परिवार का पालन
पंकज सिद्धनाथ मंदिर में फूलों की दुकान लगाता था और इसी से परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी वर्ष 2020 में दीक्षा गोस्वामी से हुई थी। दंपती की एक साल की बेटी है। पंकज की मां गुड्डी देवी हैं। उसकी तीन बहनें दुर्गा, निन्ही और सोनी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत के कारणों को लेकर जांच की जा रही है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन