मैत्री मैच में कांटे की टक्कर : रोमांचक मुकाबले में पुलिस टीम विजेता, प्रेस टीम 15 रन से हारी
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Feb 8, 2026
पुलिस एकादश ने 191 रन बनाए, प्रेस टीम 176 रन पर सिमटी

उन्नाव। पुलिस और पत्रकारों के बीच दोस्ताना माहौल में रविवार को मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया। यह मुकाबला एमएमसी ग्राउंड बंथर में उन्नाव पुलिस एकादश और उन्नाव प्रेस एकादश के बीच हुआ। मैच का उद्देश्य जीत से ज्यादा आपसी सौहार्द और बेहतर तालमेल दिखाना रहा। मैच में उन्नाव पुलिस टीम की अगुवाई जिलाधिकारी गौरांग राठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने की। वहीं प्रेस एकादश की कप्तानी संकल्प दीक्षित और गौरव शर्मा ने संभाली। टॉस जीतकर पुलिस एकादश ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुलिस एकादश ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाए। टीम की ओर से प्रतिसार निरीक्षक सचिन राय ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर 66 रन बनाए। प्रेस एकादश की तरफ से अजय शर्मा ने बेहतर गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट लिए।

192 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेस एकादश की टीम 19.3 ओवर में 176 रन पर ऑलआउट हो गई। प्रेस टीम की ओर से अजय शर्मा ने 43 गेंदों पर 63 रन बनाकर टीम को जीत की उम्मीद दिलाने की कोशिश की। पुलिस एकादश की गेंदबाजी में भी सचिन राय का जलवा रहा। उन्होंने 2.3 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 4 विकेट झटके। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सचिन राय को मैन ऑफ द मैच चुना गया। बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार प्रेस एकादश के अजय शर्मा को दिया गया। बेस्ट फील्डर का खिताब प्रेस एकादश से योगेंद्र मिश्रा और पुलिस एकादश से एसडीओ कौशलेन्द्र को मिला। मैच के दौरान कमेंट्री प्रशांत यादव ने की, जबकि अंपायर की भूमिका मनीष यादव ने निभाई। दर्शकों ने पूरे मैच का आनंद लिया।

पुलिस एकादश में गौरांग राठी, जय प्रकाश सिंह, एडीएम सुशील कुमार, जेएम शौर्य अरोड़ा, एएसपी नगर अखिलेश सिंह, एएसपी दक्षिण प्रेम चंद, सहायक पुलिस अधीक्षक संचित शर्मा, एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी, सीओ बांगरमऊ संतोष सिंह, सीओ हसनगंज अरविन्द चौरसिया, सीओ सफीपुर सोनम सिंह, सीएफओ अनूप कुमार सिंह, एसडीओ कौशलेन्द्र, प्रतिसार निरीक्षक सचिन राय सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

वहीं प्रेस एकादश की टीम में संकल्प दीक्षित, गौरव शर्मा, सूरज सिंह, अनुज गुप्ता, अनुराज भारती, राहुल पाण्डेय, अजय कुमार, अजय शर्मा, योगेंद्र मिश्रा, राहुल वर्मा और मिलन शामिल रहे।

मैच के बाद खिलाड़ियों ने एक दूसरे से हाथ मिलाकर खेल भावना का परिचय दिया। अधिकारियों और पत्रकारों ने कहा कि इस तरह के आयोजन आपसी रिश्तों को मजबूत करते हैं और आगे भी ऐसे कार्यक्रम होते रहेंगे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन