मेहनत का मिला मंच : ऑल इंडिया पावर लिफ्टिंग में उन्नाव के राहुल का शानदार प्रदर्शन
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Jan 7, 2026
जिला और प्रदेश के बाद राष्ट्रीय स्तर पर भी राहुल बाजपेयी ने छोड़ी अपनी छाप

उन्नाव। राजधानी नई दिल्ली में आयोजित ऑल इंडिया पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में उन्नाव के एक युवा खिलाड़ी ने अपनी मेहनत और ताकत का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। शहर के दरोगाबाग मोहल्ला निवासी राहुल बाजपेयी ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल कर एक अहम उपलब्धि अपने नाम की। यह प्रतियोगिता चार जनवरी को शेरू क्लासिक आईपीएल के तत्वावधान में आयोजित की गई थी, जिसमें देश के अलग अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जूनियर वर्ग के 75 से 82 किलो भार वर्ग में उतरे 21 वर्षीय राहुल बाजपेयी ने 200 किलो की डेड लिफ्ट लगाकर चौथा स्थान प्राप्त किया। पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर खेलने उतरे राहुल के लिए यह प्रदर्शन किसी जीत से कम नहीं माना जा रहा है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय चैंपियन सुरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने राहुल को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान कर आगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। मंच से मिले इस सम्मान ने राहुल का आत्मविश्वास और बढ़ा दिया। राहुल इससे पहले जिला और प्रदेश स्तर की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं, जहां उन्होंने गोल्ड और कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। राष्ट्रीय मंच पर पहुंचना उनके खेल जीवन का अगला अहम पड़ाव माना जा रहा है।

राहुल का कहना है कि पहली बार इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता में खेलना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि देशभर से आए मजबूत और अनुभवी खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करना आसान नहीं था, लेकिन इस अनुभव से उन्हें आगे और बेहतर तैयारी करने की प्रेरणा मिली है। राहुल के पिता राजेश बाजपेयी ने बेटे की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उसने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे उन्नाव जिले का नाम रोशन किया है। उनका कहना है कि अगर इसी लगन और मेहनत से आगे बढ़ता रहा तो भविष्य में और बड़ी सफलताएं जरूर हासिल करेगा। स्थानीय खेल प्रेमियों और परिचितों ने भी राहुल की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन