बेटे की आईडी से छेड़छाड़ : रिश्तेदारों तक पहुंचाए अश्लील मैसेज
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Oct 18, 2026
पहचान और पते का भी किया इस्तेमाल, महिला ने सफीपुर थाने में दर्ज कराया मुकदमा
उन्नाव। सोशल मीडिया पर किसी की पहचान का गलत इस्तेमाल किस तरह पूरे परिवार के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है, इसका मामला सफीपुर थाना क्षेत्र के दरौली गांव में सामने आया है। यहां एक महिला ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी को हैक करके उसके जरिए रिश्तेदारों और परिचितों को आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं। इससे परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है और उन्हें मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे की सोशल मीडिया आईडी का नाम बदलकर तनवीर खान कर दिया गया। आरोप है कि इसी आईडी से उनके मायके पक्ष के लोगों, रिश्तेदारों और जानने वालों को अश्लील संदेश भेजे गए। संदेशों में ओयो होटल से जुड़ी आपत्तिजनक बातें भी लिखी गईं। पीड़िता के मुताबिक, इन संदेशों के स्क्रीनशॉट भी सामने आए हैं।
नंबर और पते का भी इस्तेमाल करने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि उनके मोबाइल नंबरों से जुड़ी आईडी का दुरुपयोग किया जा रहा है। सोशल मीडिया प्रोफाइल पर उनका पता भी दर्ज कर दिया गया है, जबकि उनके नंबर परिचितों तक पहुंचाए जा रहे हैं। इससे उनकी निजता प्रभावित हो रही है। तहरीर में जियाखान नाम की एक अन्य आईडी हैक होने का भी जिक्र किया गया है। महिला के अनुसार, इस संबंध में दिसंबर 2025 में साइबर थाने में शिकायत की गई थी। संबंधित शिकायत की रिपोर्ट बाद में सफीपुर थाने पहुंचने की बात भी उन्होंने कही है। पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आईडी का इस्तेमाल कौन कर रहा था और आपत्तिजनक संदेश किसने भेजे, पुलिस पता लगाने में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन