सपने के बाद खुदाई : डेढ़ फीट नीचे मिली खाटू श्याम की छोटी मूर्ति
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Jan 15, 2026
पीपल के पास मूर्ति मिलने की खबर से उमड़ी भीड़

उन्नाव जिले के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के बिचपरी गांव में बुधवार सुबह उस वक्त हलचल मच गई, जब एक पीपल के पेड़ के पास खुदाई के दौरान खाटू श्याम की छोटी मूर्ति निकलने की बात सामने आई। देखते ही देखते यह खबर गांव से आसपास के इलाकों में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी।बताया जा रहा है कि बिचपरी गांव निवासी मनोहर लाल का बेटा अमरपाल (25) इटावा में रहकर बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा है। अमरपाल के अनुसार करीब 15 दिन पहले उसने सपने में देखा कि उसके घर के बाहर स्थित पीपल के पेड़ के पास खाटू श्याम की मूर्ति दबी हुई है। सात जनवरी को जब वह गांव पहुंचा तो उसने यह बात अपने परिजनों को बताई। बुधवार सुबह परिजनों ने ग्रामीणों की मौजूदगी में पीपल के पेड़ के पास खुदाई शुरू कराई। करीब डेढ़ फीट नीचे पहुंचते ही पीली धातु से बनी खाटू श्याम की छोटी मूर्ति मिलने का दावा किया जा रहा है। मूर्ति निकलते ही लोगों में आस्था का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मौके पर पूजा-अर्चना शुरू कर दी और कुछ लोगों ने इसे चमत्कार से जोड़कर देखा। खबर फैलते ही आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंचने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस स्थान पर चबूतरा बनवाने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि यहां नियमित रूप से पूजा की जा सके। वहीं तहसील प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की बात कही है। एसडीएम प्रज्ञा पांडे ने बताया कि उन्हें भी सूचना मिली है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल गांव में आस्था और जिज्ञासा का माहौल बना हुआ है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन