एक भी पात्र मतदाता न छूटे : 31 जनवरी को लगेगा विशेष अभियान
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Tue, Jan 27, 2026
नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए फॉर्म-6, 7 और 8 भरने की सुविधा

उन्नाव। जिले में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया चल रही है। यह पुनरीक्षण 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए और अपात्र नामों को हटाया जा सके। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार गोंड ने बताया कि 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से जुड़े दावे और आपत्तियां ली जा रही हैं। इस अवधि में मतदाता अपनी प्रविष्टियों को ठीक करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्य के तहत पहले 17 और 18 जनवरी तथा 31 जनवरी और 1 फरवरी को विशेष अभियान तिथियां निर्धारित की गई थीं। लेकिन 1 फरवरी 2026 को संत रविदास जयंती होने के कारण अवकाश रहेगा तो उस दिन विशेष अभियान नहीं होगा। वहीं 31 जनवरी 2026, शनिवार को विशेष अभियान पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा। 31 जनवरी को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। बीएलओ सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदाताओं की समस्याएं सुनेंगे और आवेदन स्वीकार करेंगे। इस दौरान नया नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार और स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकेगा। बीएलओ के पास मतदाता सूची की प्रति के साथ-साथ मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भी उपलब्ध रहेगी, जिससे मौके पर ही सत्यापन किया जा सके। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, कोटेदार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जा रहा है। मतदाता सूची के इस विशेष पुनरीक्षण पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। बीएलओ सुपरवाइजर और सहायक निर्वाचन अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण करेंगे। साथ ही निर्वाचन अधिकारी द्वारा जिले के करीब 10 प्रतिशत मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 मार्च 2026 को किया जाएगा। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे तय समय के भीतर अपनी प्रविष्टियां जांच लें और किसी भी त्रुटि को समय रहते ठीक कराएं।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन