आईजी लखनऊ रेंज का उन्नाव दौरा : अपराध और महिला सुरक्षा पर सख्त निर्देश
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Tue, Feb 17, 2026
संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने और निगरानी मजबूत करने पर जोर

उन्नाव। लखनऊ रेंज की आईजी किरण एस. ने मंगलवार को उन्नाव पहुंचकर जिले की कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा की। पुलिस लाइन में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने उनका स्वागत किया। इसके बाद जिले में अपराध की स्थिति, लंबित मामलों और महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में आईजी ने साफ कहा कि अपराध नियंत्रण का असर जमीन पर दिखना चाहिए। थानों में लंबित विवेचनाओं को तेजी से निपटाने के निर्देश दिए गए। महिला अपराध के मामलों में देरी न हो, इस पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय मिलना सबसे जरूरी है। संगठित अपराध और सक्रिय अपराधियों पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और सूचना तंत्र को मजबूत करने को कहा गया। आईजी ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि जनता से व्यवहार बेहतर रखा जाए और हर शिकायत को गंभीरता से सुना जाए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी प्रेमचंद्र, प्रशिक्षु आईपीएस संचित वर्मा, सीओ सिटी विनी सिंह, सीओ सफीपुर सोनम सिंह, सीओ हसनगंज अरविंद कुमार चौरसिया, सीओ बांगरमऊ तेज बहादुर सिंह, सीओ यातायात अजय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन पूरा सहयोग देगा। एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि अपराध रोकने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

सफीपुर में ‘नन्हें फरिश्ते कक्ष’ की शुरुआत
दौरे के दौरान आईजी ने सफीपुर क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। यहां क्षेत्राधिकारी कार्यालय में ‘नन्हें फरिश्ते कक्ष’ का उद्घाटन किया गया। इस कक्ष में शिकायत लेकर आने वाली महिलाओं के बच्चों के लिए बैठने और खेलने की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें परेशानी न हो। आईजी ने कहा कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं है, बल्कि लोगों की मदद और सुरक्षा के लिए भी जिम्मेदार है। महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित और सहज माहौल देना जरूरी है। उद्घाटन के बाद उन्होंने कोतवाली सफीपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। अभिलेखों की जांच की और साफ-सफाई व कानून व्यवस्था की स्थिति देखी। इस दौरान 30 चौकीदारों को टॉर्च और पानी की बोतलें वितरित की गईं। कुल मिलाकर आईजी का दौरा औपचारिक नहीं रहा, बल्कि साफ संदेश देकर गया कि अपराध पर सख्ती और महिला सुरक्षा में कोई ढिलाई नहीं होगी। अब जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस की है कि इन निर्देशों का असर लोगों को जल्द दिखाई दे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन