ब्रांड के नाम पर फर्जीवाड़ा : पैकेट टाटा का, अंदर निकला नकली नमक
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sat, Sep 5, 2026
दो दुकानों पर कार्रवाई, 619 पैकेट जब्त; कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत पर केस
उन्नाव। बाजार में ब्रांडेड सामान खरीदकर ग्राहक यह मानकर चलता है कि पैकेट के अंदर वही उत्पाद है, जिसका नाम बाहर लिखा है। बांगरमऊ में इसी भरोसे के साथ खिलवाड़ का मामला सामने आया है। टाटा साल्ट की पैकिंग में नकली नमक बेचने की शिकायत पर पुलिस ने दो किराना दुकानों की जांच की। वहां से एक किलो के 619 पैकेट बरामद किए गए। पुलिस ने माल कब्जे में लेकर दोनों दुकानदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामला तब सामने आया जब टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की ओर से अधिकृत प्रतिनिधि प्रभात कुमार गुप्त ने पुलिस को सूचना दी। कंपनी को जानकारी मिली थी कि बांगरमऊ क्षेत्र में उसके नाम और पैकेजिंग का इस्तेमाल कर नकली नमक तैयार कर बाजार में खपाया जा रहा है। शिकायत के बाद पुलिस टीम ने दुकानों पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पहली दुकान में 20 बोरियां मिलीं
पुलिस टीम लखनऊ रोड पर गोल्डन पैलेस के पास स्थित सर्वेश किराना स्टोर पहुंची। दुकान संचालक सर्वेश गुप्ता की मौजूदगी में जांच की गई तो एक किलो के 30 पैकेट वाली 20 बोरियां मिलीं। इनमें एक पैकेट अलग कर बाकी माल को पुलिस ने सील कर अपने कब्जे में ले लिया।
दूसरी दुकान में भी मिला स्टॉक
इसके बाद टीम जगत नगर, लोहनपुरवा स्थित वासुदेव किराना स्टोर पहुंची। यहां भी टाटा साल्ट के नाम से पैक नमक का स्टॉक मिला। जांच में एक किलो के 30 पैकेट वाली तीन बोरियां और एक पैकेट अलग रखा मिला। पुलिस ने पूरा माल जब्त कर सील कर दिया।
असली पैकेट से कराया गया मिलान
मामले की जांच के दौरान कंपनी के प्रतिनिधि ने असली टाटा साल्ट का एक किलो का पैकेट भी पुलिस को उपलब्ध कराया। इसका इस्तेमाल बरामद पैकेटों से मिलान करने के लिए किया गया। पुलिस ने बरामद माल और नमूने को सुरक्षित रख लिया है। कंपनी प्रतिनिधि का आरोप है कि नकली उत्पाद बाजार में आने से ग्राहकों को ब्रांडेड सामान के नाम पर धोखा दिया जा रहा था। इससे कंपनी की साख और कारोबार को भी नुकसान पहुंच रहा था। पुलिस ने सर्वेश गुप्ता और वासुदेव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बरामद माल कहां से आया और इसके पीछे कोई सप्लायर या बड़ा नेटवर्क है या नहीं, पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है। बांगरमऊ पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन