बंथर में जुटे इंडस्ट्री और एकेडमिक प्रोफेशनल्स : केएलसी इंस्टीट्यूट में लेदर और फुटवियर इंडस्ट्री पर तकनीकी कार्यशाला
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Nov 6, 2025
देश-विदेश के विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव, एआई और सस्टेनेबिलिटी पर हुई गहन चर्चा

उन्नाव। बंथर स्थित केएलसी इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज में शुक्रवार को लेदर और फुटवियर सेक्टर के प्रोफेशनल्स तथा विद्यार्थियों के लिए तकनीकी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय था ‘करियर पाथवेज एंड इंस्टेंटल स्किल्स इन लेदर इंडस्ट्री’। कार्यशाला का उद्घाटन चर्म निर्यात परिषद के क्षेत्रीय अध्यक्ष असद कमाल इराकी फारुकी ने किया।
तकनीकी दक्षता से ही बढ़ेगी इंडस्ट्री की रफ्तार
आरएस इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर और केयूएलसी डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड के डायरेक्टर राकेश सूरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि लेदर इंडस्ट्री में तकनीकी दक्षता और स्किल डेवलपमेंट ही आगे बढ़ने की कुंजी है।

इनोवेशन और क्वालिटी पर बोले यूके के माइक विंटर्स
ब्रिटेन के साटरा संस्थान से आए फुटवियर स्पेशलिस्ट माइक विंटर्स ने फुटवियर कंपनियों में लाइसेंस प्रणाली, उत्पादन समय सीमा और गुणवत्ता मानकों पर फोकस किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा तभी संभव है जब इंडस्ट्री तय समय और तय गुणवत्ता के साथ उत्पाद दे।
इकराम खान बोले—हर मुश्किल एक मौका बन सकती है
आरएसपीएल ग्रुप के मोटिवेशनल स्पीकर इकराम खान ने युवाओं को जीवन और करियर में आने वाली चुनौतियों से निपटने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि हर मुश्किल के पीछे एक मौका छिपा होता है, बस नजरिया सकारात्मक होना चाहिए।

सस्टेनेबिलिटी ही भविष्य की पहचान : निधि गुप्ता
क्वांटम सिस्टम की ईएसजी और सस्टेनेबिलिटी लीडर निधि गुप्ता ने फैक्ट्री लाइसेंस, एलडब्ल्यूजी सर्टिफिकेशन और पर्यावरणीय मानकों की जरूरत पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अब इंडस्ट्री को टिकाऊ उत्पादन की दिशा में गंभीरता से कदम बढ़ाने होंगे।
डिजाइनिंग में अपार संभावनाएं : शाहरुख जैदी
एसआरजेड स्टूडियो, चेन्नई के शाहरुख जैदी ने डिजाइनिंग के महत्व पर बात की। उन्होंने कहा कि भारतीय डिजाइनर्स में अपार क्षमता है, जरूरत है उसे पहचानने और नई सोच के साथ बाजार में उतरने की।

एआई से बढ़ेगी रफ्तार और रचनात्मकता : सबा मिर्जा
एआई एक्सपर्ट सबा मिर्जा ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और चैटजीपीटी जैसे सॉफ्टवेयर से फुटवियर और लेदर इंडस्ट्री में उत्पादकता और रचनात्मकता दोनों बढ़ाई जा सकती हैं।
बंथर लेदर क्लस्टर देश का गौरव : असद इराकी
कार्यशाला के अंत में चर्म निर्यात परिषद के क्षेत्रीय अध्यक्ष असद कमाल इराकी फारुकी ने कहा कि “बंथर लेदर क्लस्टर देश का गौरव है। यहां की इंडस्ट्री न सिर्फ देश बल्कि दुनिया के बाजारों में अपनी मजबूत पहचान बना रही है। ऐसे आयोजन युवाओं को नई दिशा देते हैं और इंडस्ट्री को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने देश-विदेश से आए अतिथियों को मोमेंटो देकर धन्यवाद अर्पित किया।

छात्रों और इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
कार्यशाला में जीएलआई कानपुर, एचबीटीआई, केएलसी इंस्टीट्यूट और फुटवियर इंडस्ट्री से जुड़े कई प्रोफेशनल्स और छात्र शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन कार्यकारी निदेशक इमरान सिद्दीकी ने किया। इस मौके पर शिशिर अवस्थी, विकास दीक्षित, मोहम्मद आसिफ, रितिक सिंह और आतिश भदौरिया मौजूद रहे।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन