Thu 30 Jul 2026

ब्रेकिंग

ऐतिहासिक ठाकुर द्वारा मंदिर को मिलेगा नया स्वरूप

ऐरा भदियार में 100 एमटी क्षमता के नए गोदाम का लोकार्पण

डीएम से लगाई न्याय की गुहार

2 अगस्त को होगा महर्षि वेदव्यास अंतर्राष्ट्रीय गुरुकुल विद्यापीठ का भव्य शुभारंभ

अमित मिश्रा ने संभाली कमान

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

होली पर कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : नई परंपरा पर रोक और हुड़दंग पर रहेगी सख्ती

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Wed, Feb 25, 2026
Post views : 314

अवैध शराब और मिलावटी मावे पर चलेगा अभियान

उन्नाव। होलिका दहन और होली को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में साफ कर दिया गया कि त्योहार खुशी और सौहार्द का है, लेकिन कानून से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरांग राठी ने की। इसमें पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

नई परंपरा नहीं, पुरानी व्यवस्था ही लागू रहेगी

जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और सीओ से अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली। खास तौर पर यह पूछा गया कि कहां-कहां होलिका दहन होगा, किन मार्गों से जुलूस निकलेंगे और स्थानीय स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें हुई हैं या नहीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी क्षेत्र में नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जो व्यवस्थाएं पहले से चली आ रही हैं, उन्हीं के तहत आयोजन होंगे। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और गड़बड़ी की आशंका वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पर्व से जुड़ी सभी आवश्यक अनुमतियां समय पर जारी करने के लिए भी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सफाई, पानी और बिजली पर विशेष फोकस

त्योहार से पहले साफ-सफाई को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को अभियान चलाने को कहा गया है। ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में नालियों की सफाई, कूड़ा उठान और चूना छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली विभाग को जर्जर और झूलते तारों को तत्काल ठीक करने को कहा गया है। अधीक्षण अभियंता (विद्युत) को कंट्रोल रूम बनाकर उसका नंबर सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोग तुरंत संपर्क कर सकें।जल निगम को पेयजल आपूर्ति बाधित न होने देने की जिम्मेदारी दी गई है। पंप ऑपरेटरों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने और ड्यूटी चार्ट पहले से जारी करने को कहा गया है, ताकि शिकायत आने पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

अस्पताल और फायर ब्रिगेड भी तैयार

स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिला अस्पताल समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों और स्टाफ की ड्यूटी पहले से तय करने और बिना अनुमति अवकाश न देने को कहा गया है। आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस और जरूरी दवाएं उपलब्ध रखने पर भी जोर दिया गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को संवेदनशील स्थानों के आसपास तैनात रखने की योजना बनाई गई है, ताकि आगजनी की किसी भी घटना पर तुरंत काबू पाया जा सके।

अवैध शराब और मिलावट पर कार्रवाई

जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि होली से पहले अवैध शराब के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जाए। निर्धारित बंदी का सख्ती से पालन कराया जाएगा। खाद्य सुरक्षा विभाग को मावा, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों पर छापेमारी कर मिलावट की जांच करने को कहा गया है। त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

डीजे, ध्वनि सीमा और अश्लील गीतों पर रोक

प्रशासन ने साफ किया है कि बिना अनुमति डीजे नहीं बजेंगे। तय ध्वनि सीमा का पालन अनिवार्य होगा। अश्लील या भड़काऊ गीतों पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी तरह का तनाव न पैदा हो।

पुलिस की सख्त चेतावनी

पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह  ने कहा कि त्योहार के नाम पर हुड़दंग या जबरन रंग डालने जैसी हरकतों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। सभी एसडीएम और सीओ को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर निगरानी करने को कहा गया है।प्रशासन का कहना है कि लक्ष्य साफ है, होली खुशी, भाईचारे और शांति के साथ मनाई जाए, ताकि त्योहार की असली भावना बनी रहे।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन