Fri 17 Apr 2026

ब्रेकिंग

पीएफ घोटाले का शिकार हुआ मजदूर, तीन साल बाद दर्ज हुआ केस

BDO भुता को सौंपा ज्ञापन,मांगे पूर्ण न होने पर सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे

एक की मौत,कई घायल, मचा हड़कंप

धोखाधड़ी कर चावल गायब करने के आरोप में हुई गिरफ्तारी

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

उन्नाव में आज से सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा : सात केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी दो दिन की परीक्षा

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Sat, Mar 14, 2026
Post views : 75

14-15 मार्च को दो पालियों में एग्जाम, जिले के 288 सिपाही भी दे रहे परीक्षा; यातायात और बसों की अतिरिक्त व्यवस्था

उन्नाव। उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर पद पर भर्ती के लिए शनिवार से जिले में दो दिवसीय लिखित परीक्षा शुरू हो रही है। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर के सात परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे। सुरक्षा से लेकर यातायात और अभ्यर्थियों की आवाजाही तक सभी व्यवस्थाओं की पहले ही समीक्षा कर ली गई है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने परीक्षा से पहले कई केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं।

दो दिन, चार पालियों में होगी परीक्षा

भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर बाद 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा के लिए जिन केंद्रों को बनाया गया है उनमें अटल बिहारी इंटर कॉलेज, डीएसएन पीजी कॉलेज (ब्लॉक-ए और ब्लॉक-बी), डॉ. जीनाथजी दयाल बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मोतीनगर, राजकीय इंटर कॉलेज और श्यामकुमारी सेठ इंटर कॉलेज शामिल हैं। इन सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के अलग-अलग इंतजाम किए गए हैं।

केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने केंद्रों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों और अनजान लोगों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की कोशिश पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ जमा नहीं होने दी जाएगी, ताकि सुरक्षा और यातायात दोनों सुचारु बने रहें।

फोटोकॉपी और साइबर कैफे पर भी निगरानी

परीक्षा के दौरान नकल या तकनीकी माध्यम से गड़बड़ी रोकने के लिए केंद्रों के आसपास स्थित फोटोकॉपी की दुकानों और साइबर कैफे पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीमें लगातार क्षेत्र का निरीक्षण करेंगी।

288 सिपाही भी दे रहे परीक्षा

इस भर्ती परीक्षा में जिले में तैनात कई पुलिसकर्मी भी भाग ले रहे हैं। जानकारी के मुताबिक जिले के 21 थानों में तैनात कुल 288 महिला और पुरुष सिपाही परीक्षा दे रहे हैं। ये सभी पदोन्नति के लिए लंबे समय से तैयारी कर रहे थे। इनमें सबसे अधिक अभ्यर्थी सदर कोतवाली और बारासगवर थाने से बताए जा रहे हैं। कई पुलिसकर्मी ड्यूटी के साथ-साथ पढ़ाई कर परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। परीक्षा में सफल होने पर उन्हें सिपाही से उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति मिल सकेगी।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बसों की व्यवस्था

परीक्षार्थियों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन विभाग ने भी अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। कानपुर-लखनऊ मार्ग पर पांच अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं।परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक जी.सी. वर्मा के अनुसार उन्नाव डिपो से सामान्य दिनों में जहां दस बसें चलती हैं, वहीं परीक्षा के दोनों दिन यह संख्या बढ़ाकर 15 कर दी गई है। बसें उन्नाव बस स्टेशन और आवास विकास बाईपास से उपलब्ध रहेंगी। जरूरत पड़ने पर अन्य रूटों पर भी अतिरिक्त बसें लगाई जा सकती हैं।प्रशासन का कहना है कि सभी व्यवस्थाएं इस तरह की गई हैं ताकि परीक्षा निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो और अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

Tags :

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन