हुनर को मिला बाजार : महिलाओं ने उत्पादों के साथ दिखाई अपनी पहचान
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Fri, Aug 21, 2026
घरेलू काम से कारोबार तक का सफर, अलग-अलग उत्पादों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र

उन्नाव। घर की जिम्मेदारियों के बीच अपने हुनर को पहचान दिलाने वाली महिलाओं के लिए शुक्रवार को शहर के कब्बा खेड़ा स्थित अरोरा रिसार्ट में आयोजित ‘उन्नाव बाजार’ खास मंच बना। फाइन डाइन में लगे इस बाजार में महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार किए उत्पादों और अपनी रचनात्मकता को लोगों के सामने रखा। किसी स्टॉल पर साज-सज्जा से जुड़ी चीजें नजर आईं तो कहीं महिलाओं के बनाए उत्पादों ने लोगों का ध्यान खींचा। आयोजन का मकसद सिर्फ खरीदारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्थानीय महिलाओं को अपने हुनर को काम और कारोबार से जोड़ने का मौका देना भी रहा।
एक ही जगह पर कई तरह की प्रतिभाएं
प्रदर्शनी में शहर की कई महिला उद्यमियों ने स्टॉल लगाए। मानसी आहूजा, ऋचा मल्होत्रा, नेहा रस्तोगी, कृष्णा आहूजा, पल्लवी पांडेय, वंदना, योग्यता, सपना तनेजा, कीर्ति खेतल पाल और ऋचा रमानी समेत अन्य महिलाओं ने अपने उत्पादों और काम को लोगों के बीच रखा। स्टॉल पर पहुंचने वाले लोगों ने उत्पादों की जानकारी लेने के साथ महिलाओं के काम की सराहना भी की।
पालिकाध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने फीता काटकर किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर महिलाओं से उनके उत्पादों और काम के बारे में जानकारी ली। कार्यक्रम की आयोजक कनिका तनेजा रहीं। विशिष्ट अतिथि निम्मी अरोड़ा और पायल अरोड़ा के साथ प्रिया शुक्ला भी मौजूद रहीं। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने कहा ऐसे आयोजन महिलाओं को अपने हुनर को लोगों तक पहुंचाने का मौका देते हैं। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलने से उनके काम की पहचान बढ़ती है। जनपद की महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे प्रयास लगातार होने चाहिए।
कार्यक्रम की आयोजक कनिका तनेजा ने बताया कि उन्नाव बाजार के जरिए स्थानीय महिलाओं को एक साथ मंच देने की कोशिश की गई है। महिलाओं में बहुत हुनर है, जरूरत सिर्फ उसे लोगों तक पहुंचाने की है। ऐसे आयोजन उन्हें अपने काम को आगे बढ़ाने का हौसला देते हैं। विशिष्ट मुख्य अतिथि एंव समाज सेविका निम्मी अरोड़ा ने कहा कि महिलाओं की मेहनत और रचनात्मकता को करीब से देखने का अवसर मिला। अपने हुनर को कारोबार से जोड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं। स्थानीय स्तर पर ऐसे मंच मिलते रहना जरूरी है। पायल अरोड़ा ने कहा कि प्रदर्शनी में महिलाओं के अलग-अलग हुनर एक ही जगह देखने को मिले। अपने काम को सामने लाने का यह अच्छा माध्यम है। ऐसे आयोजनों से नई प्रतिभाओं को भी आगे आने की प्रेरणा मिलती है।
आयोजन में महिलाओं के हुनर, मेहनत और आत्मनिर्भर बनने की कोशिश की झलक देखने को मिली। ‘वोकल फॉर लोकल’ की सोच के साथ आयोजित इस बाजार ने यह भी दिखाया कि स्थानीय स्तर पर प्रतिभाओं को सही मंच मिले तो घर से शुरू किया गया काम भी पहचान बना सकता है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन