बेदखली का मुकदमा वापस लेने का दबाव : विरोध पर युवक को पीटा
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, Aug 31, 2026
सरिया से हमले में नाक की हड्डी टूटी, कोर्ट के आदेश के बाद पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
उन्नाव। बेदखली का मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने और विरोध करने पर मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। पुरवा कस्बे के टेढ़ी हटिया निवासी देवप्रकाश आर्या ने पांच लोगों पर लाठी-डंडे और सरिया से हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक सरिया के हमले से उसकी नाक की हड्डी टूट गई। थाना पुलिस से कार्रवाई न होने पर उसने सीजेएम न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना कराने की मांग की है। देवप्रकाश आर्या के मुताबिक 18 मई 2026 को वह उन्नाव न्यायालय में बेदखली के मुकदमे की तारीख पर आया था। अदालत से वापस लौटकर जीआईसी ग्राउंड में अपनी गाड़ी के पास पहुंचा, तभी वहां पहले से मौजूद मंगतखेड़ा निवासी उमाशंकर साहू, सीताराम साहू, सूरज साहू, दीपक साहू और प्रियंका साहू ने उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपितों ने बेदखली का मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। विरोध करने पर सभी ने एक राय होकर गालीगलौज शुरू कर दी और लात-घूंसों, लाठी-डंडों और सरिया से मारपीट करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि उमाशंकर और दीपक ने उसे पीछे से पकड़ लिया, जबकि सूरज ने लोहे की सरिया से उसके सिर पर हमला करने का प्रयास किया। उसके पीछे हटने पर सरिया नाक पर लग गई, जिससे नाक की हड्डी टूट गई। पीड़ित के अनुसार मारपीट में हाथ, पैर, कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। गाड़ी में बैठी उसकी चाची पूजा साहू के शोर मचाने और आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इसके बाद चाची और अन्य लोगों की मदद से उसे घर ले जाया गया। नाक में अधिक दर्द होने पर उसकी मां रामकली और चाची पूजा साहू उसे जिला अस्पताल लेकर गईं। वहां 21 मई को एक्सरे और मेडिकल कराया गया। पीड़ित ने न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र के साथ मेडिकल रिपोर्ट और एक्सरे फिल्म भी संलग्न करने की बात कही है। देवप्रकाश का आरोप है कि घटना की सूचना उसी दिन कोतवाली सदर पुलिस और पुलिस अधीक्षक को दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने आला अधिकारियों को कई प्रार्थनापत्र दिए। आरोप है कि विपक्षी लगातार बेदखली का मुकदमा वापस लेने के लिए धमका रहे हैं और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। न्यायालय के आदेश के बाद कोतवाली सदर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने आरोपियों से लगातार जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की भी मांग की है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन