सट्टेबाजी के पैसे से लग्जरी लाइफ : ईडी की जांच में यू-ट्यूबर अनुराग द्विवेदी
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Dec 18, 2025
लखनऊ फ्लैट और दुबई कनेक्शन की जांच तेज,दोस्तों के ट्रांजैक्शन खंगाले जा रहे

उन्नाव। आनलाइन सट्टेबाजी के तेजी से फैलते नेटवर्क पर प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मशहूर यू-ट्यूबर और गेमिंग एप से जुड़े नाम अनुराग द्विवेदी को जांच के दायरे में ले लिया है। बुधवार को चली लंबी छापेमारी के बाद ईडी ने अनुराग, उनके परिवार और उनसे जुड़े कारोबार पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कार्रवाई के तहत परिवार के सभी बैंक खाते सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि नवाबगंज क्षेत्र में स्थित खातों पर तत्काल रोक लगा दी गई। ईडी की इस कार्रवाई को आनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े बड़े नेटवर्क की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि फैंटसी गेमिंग की आड़ में करोड़ों रुपये के लेन-देन और संदिग्ध आर्थिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
18 घंटे की छानबीन, आय से जुड़े सैकड़ों दस्तावेज जब्त
बुधवार सुबह करीब छह बजे प्रवर्तन निदेशालय की 16 सदस्यीय टीम सीआरपीएफ के साथ अनुराग द्विवेदी और उनके चाचा के घर एक साथ पहुंची। टीम ने घर के भीतर और बाहर किसी भी तरह की आवाजाही पर रोक लगा दी। करीब 18 घंटे तक चली जांच में जमीनों की खरीद-फरोख्त, बैंक लेन-देन और व्यवसायिक आय से जुड़े दस्तावेज खंगाले गए। ईडी अपने साथ 500 से अधिक पन्नों के दस्तावेज, कंप्यूटर की हार्ड डिस्क, पैन ड्राइव और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड लेकर गई है। अधिकारियों का फोकस इस बात पर है कि आनलाइन सट्टेबाजी से होने वाली कमाई को किन-किन माध्यमों से घुमाया गया और किन नामों से निवेश किया गया।

लग्जरी कारें जब्त, शौक भी बना जांच का हिस्सा
जांच के दौरान ईडी ने अनुराग की चार महंगी लग्जरी कारों को भी जब्त कर लिया है। इनमें करीब 6.5 करोड़ रुपये कीमत की एक लेम्बोर्गिनी कार शामिल है। अनुराग का महंगी कारों का शौक पहले से चर्चा में रहा है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन कारों और अन्य संपत्तियों की खरीद में इस्तेमाल की गई रकम का स्रोत क्या था।

दुकानें बंद रहीं, अगले दिन खुलीं
ईडी की छापेमारी के चलते बुधवार को अनुराग के पिता, पूर्व प्रधान लक्ष्मीनाथ द्विवेदी का मेडिकल स्टोर और उनके चाचा पप्पू द्विवेदी की हार्डवेयर व गन शॉप बंद रही। गुरुवार को दोनों दुकानों के शटर खुले मिले, लेकिन पूरे इलाके में सन्नाटा और असहज माहौल बना रहा।
आनलाइन सट्टेबाजी से करोड़ों की कमाई का दावा
अनुराग द्विवेदी पहले भी अपने बयानों के कारण सुर्खियों में रहे हैं। एक ब्रॉडकास्ट इंटरव्यू में उन्होंने खुद स्वीकार किया था कि आईपीएल सीजन के दौरान आनलाइन फैंटसी और सट्टेबाजी से उनकी रोज की कमाई लाखों से करोड़ों रुपये तक पहुंच जाती थी। उन्होंने यह भी कहा था कि कुछ मैचों में भारी नुकसान हुआ, लेकिन मुनाफे की उम्मीद में वह लगातार इस कारोबार में बने रहे। ईडी इसी दावे को जांच का अहम आधार मानकर आय और व्यय का पूरा ब्योरा खंगाल रही है।

दुबई कनेक्शन पर खास नजर
सूत्रों के अनुसार अनुराग इस समय दुबई में मौजूद हैं। ईडी की नजर इस बात पर है कि वह और उसके परिवार के सदस्य किन लोगों से संपर्क में हैं। कई मोबाइल नंबरों और डिजिटल कनेक्शन को जांच के दायरे में लिया गया है। यह भी देखा जा रहा है कि आनलाइन सट्टेबाजी से जुड़ी रकम को विदेशों में तो नहीं भेजा गया।
फ्लैट, जमीन और दोस्तों के खाते जांच के रडार पर
लखनऊ की गोल्फ सिटी में खरीदे गए फ्लैट और दोस्तों के नाम पर की गई जमीन की खरीद-फरोख्त भी जांच एजेंसी के रडार पर है। अधिकारियों को शक है कि सट्टेबाजी से कमाए गए रुपये को दोस्तों और करीबियों के खातों के जरिए घुमाया गया। इसी कारण अनुराग के दोस्तों की सूची तैयार की जा रही है और बीते वर्षों के बैंक ट्रांजैक्शन खंगाले जा सकते हैं।

दुबई में क्रूज पर हुई शादी भी जांच में शामिल
करीब 20 दिन पहले दुबई में क्रूज पर हुई अनुराग की शादी भी अब जांच के दायरे में आ गई है। बड़ी संख्या में कस्बे के लोगों के विदेश जाने और शादी में हुए खर्च को लेकर ईडी यह जानने की कोशिश कर रही है कि इन खर्चों के लिए रकम कहां से आई। कुल मिलाकर आनलाइन सट्टेबाजी के इस कथित नेटवर्क को लेकर शुरू हुई ईडी की कार्रवाई आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है। जांच एजेंसी के अगले कदम पर न सिर्फ अनुराग द्विवेदी, बल्कि उनसे जुड़े कई लोगों की किस्मत भी निर्भर करती नजर आ रही है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन