: मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह की दुबई में शाही परिवार से मुलाकात, उन्नाव में 4000 करोड़ का निवेश किया जाएगा
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Tue, May 13, 2025
Post views : 93
मत्स्य पालन को नई दिशा मिलेगी और यूपी बड़ा गढ़ बनकर उभरेगा
सैय्यद फैज़ान "शीबू" रहमान✍️
उन्नाव। इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में 461 मिलियन अमेरिकी डॉलर के निवेश की तैयारी है। इसके अलावा एक्वाकल्चर इकोसिस्टम को सशक्त बनाने के लिए लखनऊ में इसी प्रकार के अत्याधुनिक मॉडल स्थापित होगा। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने दुबई दौरे के दौरान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शाही परिवार के सदस्य और एक्वाब्रिज होल्डिंग्स के अध्यक्ष शेख अहमद बिन मना बिन खलीफा अल मकतूम से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्नाव औद्योगिक कॉरिडोर में एक्वाब्रिज कंपनी द्वारा किए जा रहे निवेश पर चर्चा हुई और राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया। एक्वाब्रिज होल्डिंग्स उत्तर प्रदेश के उन्नाव में 461 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब ₹4000 करोड़) के निवेश से एक प्रमुख इकाई स्थापित कर रही है। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति और संभावनाओं पर चर्चा करते हुए इसे राज्य के औद्योगिक विकास के लिए एक बड़ा कदम बताया। भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए मत्स्य उत्पादन क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्य सचिव ने दुबई के प्रतिष्ठित वाटरफ्रंट मार्केट का दौरा किया। उन्होंने वहां की संचालन प्रणाली और अत्याधुनिक मत्स्य वितरण मॉडल का अध्ययन किया, जिससे यूपी में इस क्षेत्र की संभावनाओं को बल मिल सके। दौरे के दौरान मुख्य सचिव ने यूएई के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मामलों के सहायक अवर सचिव जुमा मोहम्मद अल कैत से मुलाकात कर भारत-यूएई व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (CEPA) के संदर्भ में उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों पर विस्तृत चर्चा की।
उन्नाव इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में होने वाले इस निवेश से राज्य में मत्स्य पालन को नई दिशा मिलेगी और यूपी बड़ा गढ़ बनकर उभरेगा। शाही परिवार की होल्डिंग कंपनी इस रकम का निवेश फिश हैचरी, फिश प्रोसेसिंग प्लांट, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और फिश फीड प्लांट में करेगी। पूरा प्रोजेक्ट यूपी एग्रीज प्रोजेक्ट का हिस्सा होगा। इस बड़े प्रोजेक्ट को यूपी में लाने के लिए विश्व बैंक की भूमिका अहम रही। ऐसे ही एक प्रोजेक्ट में विश्व बैंक और यूएई का शाही परिवार मॉरीशस में भी साथ काम कर रहे हैं।
इसके अलावा उन्होंने यूएई के निवेश मंत्रालय के निदेशक मोहम्मद जैनल अलजारूनी और एफडीआई विशेषज्ञ डैनियल रेयमंड सेलर्स से भी मुलाकात की। इस दौरान यूपी की अनुकूल एफडीआई नीतियों पर जानकारी साझा करते हुए उन्हें राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया।
मुख्य सचिव ने विभिन्न क्षेत्रों में निवेश संभावनाओं को और व्यापक बनाने के लिए मार्क एबी कैपिटल के ग्रुप सीईओ अब्दुल्ला मोहम्मद इब्राहिम, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट ऑफिस के मोहम्मद अल होसनी और क्लैरियन शिपिंग सर्विसेज एलएलसी के सीएमडी अनीयन कुट्टी से भी बैठक की। इन बैठकों में विशेष रूप से खाद्य प्रसंस्करण और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में संभावित निवेश पर भी चर्चा की गई।Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन