: मीड-डे का चावल बेचने का मामला: प्रधान शिक्षिका निलंबित, बीएसए ने दी जांच की जिम्मेदारी
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Oct 12, 2025
सफीपुर के मेथीटिकुर गांव का मामला, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
उन्नाव। सफीपुर ब्लॉक के मेथीटिकुर गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील का चावल बेचने का मामला सामने आया है। स्कूल से बाइक पर बोरी में राशन लादकर ले जाते एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। बीएसए ने मामले की जांच कराई तो चौंकाने वाला सच सामने आया — प्रधान शिक्षिका ने ही मिड-डे मील का चावल बेचने के लिए भेजा था। घटना शनिवार सुबह की है। ग्रामीणों ने देखा कि स्कूल से एक युवक बाइक पर दो बोरियां लादकर जा रहा है। शक होने पर किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अमिता सिंह तक पहुंचा। उन्होंने सफीपुर की बीईओ अनीता शाह को तत्काल स्कूल भेजकर जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान बीईओ ने प्रधान शिक्षिका शशि प्रभा से जब पूछा कि स्कूल का राशन बाहर क्यों भेजा गया, तो उन्होंने पहले टालमटोल की। लेकिन जब सख्ती से पूछताछ हुई तो उन्होंने माना कि मिड-डे मील का लगभग एक क्विंटल चावल बेचा गया था। उन्होंने सफाई दी कि स्कूल की रसोइया को कई महीनों से मानदेय नहीं मिला था, इसलिए उसकी मदद के लिए यह कदम उठाया गया। बीईओ ने अपनी जांच रिपोर्ट बीएसए को सौंपी, जिसके बाद बीएसए अमिता सिंह ने प्रधान शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्हें फतेहपुर चौरासी बीईओ कार्यालय से संबद्ध किया गया है। आगे की जांच का जिम्मा सिकंदरपुर सरोसी बीईओ को सौंपा गया है। बीएसए ने कहा कि सरकारी स्कूलों में बच्चों के भोजन के लिए भेजे गए राशन का इस तरह दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल में मिड-डे मील के लिए आने वाला राशन पहले भी सही तरीके से इस्तेमाल नहीं हो रहा था, लेकिन इस बार वीडियो सामने आने से पूरा मामला खुल गया। विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि इससे पहले कितनी बार स्कूल का राशन इस तरह बेचा गया था।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन