Tue 23 Jun 2026

ब्रेकिंग

एआरटीओ कार्यालय विवाद में विभाग का पक्ष आया सामने

बच्चों के सामने पत्नी को पीटता रहा पति

जिला महिला अस्पताल का आदर्श टीकाकरण केंद्र बना मिसाल, रविवार को भी मिल रही सुविधा

ऑटो पलटने से मजदूर की गई जान

पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

व्यापारियों का प्रदर्शन : सैंपलिंग के नाम पर उत्पीड़न का लगाया आरोप

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Tue, Jun 2, 2026
Post views : 78

आंदोलन की चेतावनी, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन

उन्नाव। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर मंगलवार को जिले के व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। व्यापार मंडल के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन कर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग और जांच की प्रक्रिया को कुछ अधिकारी उत्पीड़न और अवैध वसूली का माध्यम बना रहे हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे व्यापार मंडल नेता अखिलेश अवस्थी ने कहा कि जिले के खाद्य कारोबारियों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उनका आरोप है कि विभागीय टीमें जांच और सैंपलिंग के दौरान व्यापारियों पर अनावश्यक दबाव बनाती हैं। कई मामलों में कथित रूप से ऐसे लोगों को भी साथ ले जाया जाता है, जिनका विभाग से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं होता। इससे व्यापारियों में भय और असंतोष का माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी खाद्य सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों और मानकों का पालन करने के पक्षधर हैं। शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन नियमों के नाम पर किसी भी तरह का शोषण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

आर्थिक संकट के बीच बढ़ी चिंता

व्यापारियों का कहना है कि पहले से ही बाजार में कारोबार की स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। बढ़ती लागत, कम होती ग्राहकी और आर्थिक दबाव के कारण छोटे एवं मध्यम स्तर के कारोबारी कठिन दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे समय में विभागीय कार्रवाई के नाम पर होने वाली कथित परेशानियां व्यापारियों की मुश्किलें और बढ़ा रही हैं। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानें, किराना प्रतिष्ठान और अन्य खाद्य व्यवसाय संचालित करने वाले व्यापारी पहले ही आर्थिक दबाव झेल रहे हैं। यदि जांच की प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष न हो तो इसका सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ता है।

भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की मांग

ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि विभागीय अधिकारियों के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जिन अधिकारियों पर भ्रष्टाचार या अवैध वसूली के आरोप हैं, उनकी आय और संपत्ति की भी जांच कराने की मांग उठाई गई। अखिलेश अवस्थी ने कहा कि कुछ अधिकारियों की कार्यशैली से न केवल व्यापारियों में असंतोष बढ़ रहा है, बल्कि सरकार की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारिक समुदाय बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगा।

प्रशासन को दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

प्रदर्शन के बाद व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी शिकायतों और मांगों से प्रशासन को अवगत कराया। व्यापारियों के अनुसार सिटी मजिस्ट्रेट ने उनकी बातों को जिलाधिकारी तक पहुंचाने और उचित स्तर पर विचार कराने का आश्वासन दिया है।व्यापार मंडल ने साफ किया कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर शिकायतों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई और सैंपलिंग के नाम पर कथित उत्पीड़न की शिकायतें जारी रहीं तो जिलेभर के खाद्य कारोबारी एकजुट होकर दुकानें बंद कर व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे। व्यापारियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई है।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन