पालिकाध्यक्ष ने डीएम से की मुलाकात : शराब ठेकों पर सीसीटीवी और सख्त निगरानी की मांग
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, Jan 19, 2026
ठेकों के बाहर जमावड़े पर रोक और सख्ती का भरोसा

उन्नाव। गंगाघाट क्षेत्र में हुई दर्दनाक पत्थरबाजी की घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। बीएड की छात्रा समीक्षा शुक्ला की मौत के बाद अब इस मामले में प्रशासनिक सख्ती की मांग तेज हो गई है। सोमवार को नगरपालिका अध्यक्ष कौमुदी पांडे और उनके प्रतिनिधि संदीप पांडे ने जिलाधिकारी गौरांग राठी से मुलाकात कर मृतका के लिए न्याय की मांग उठाई और गंगाघाट क्षेत्र में बेलगाम नशेबाजी पर कड़ा रुख अपनाने की जरूरत बताई। पालिका अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से कहा कि यह घटना केवल आपसी विवाद का नतीजा नहीं है, बल्कि गंगाघाट क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही लापरवाही और खुलेआम नशेबाजी का गंभीर परिणाम है। उन्होंने शराब ठेकों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मांग की कि सभी ठेकों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य किए जाएं और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित हो। साथ ही ठेकों के बाहर शराब पीने वालों, हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी निर्दोष को अपनी जान न गंवानी पड़े। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और मौके पर ही पुलिस अधीक्षक व आबकारी अधिकारी से बातचीत कर आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि गंगाघाट क्षेत्र में शराब ठेकों के आसपास नशेबाजों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा, पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और ठेकों के अंदर व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि गंगाघाट सहित आसपास के इलाकों में कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

दरअसल, यह घटना पांच दिन पहले शुक्लागंज स्थित कोतवाली गंगाघाट क्षेत्र की है। राजधानी मार्ग पर सर्वोदय नगर मोड़ के पास देर रात नशे में धुत दो युवकों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। इसी दौरान गोपीनाथपुरम स्थित खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर लौट रहीं बीएड छात्रा समीक्षा शुक्ला इस पत्थरबाजी की चपेट में आ गईं। कंचन नगर निवासी 24 वर्षीय समीक्षा शुक्ला कानपुर के डीएवी कॉलेज में बीएड प्रथम वर्ष की छात्रा थीं। बीते बुधवार की रात वह अपनी सहेली के साथ घर लौट रही थीं, तभी एक ईंट उनके सिर पर आकर लगी। गंभीर रूप से घायल समीक्षा को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई दिन तक चले इलाज के दौरान समीक्षा ने दम तोड़ दिया था। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
घटना के बाद से गंगाघाट क्षेत्र में लोगों का आक्रोश साफ नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकों के बाहर खुलेआम नशेबाजी, जमावड़ा और आए दिन होने वाले झगड़ों की शिकायतें पहले भी की जाती रही हैं, लेकिन समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब एक होनहार छात्रा की जान जाने के बाद प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।

इससे पहले रविवार को नगरपालिका अध्यक्ष कौमुदी पांडे और उनके प्रतिनिधि संदीप पांडे मृतका के घर पहुंचे थे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और भरोसा दिलाया कि इस मामले को प्रशासन के सामने पूरी मजबूती से उठाया जाएगा। साथ ही शराब ठेकों के बाहर होने वाले जमावड़े और नशेबाजी पर सख्त कार्रवाई कराने का आश्वासन भी दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि गंगाघाट और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और शराब ठेकों पर विशेष निगरानी के निर्देश जारी किए गए हैं। समीक्षा शुक्ला के परिजन और क्षेत्रवासी यही उम्मीद कर रहे हैं कि दोषियों को कड़ी सजा मिले और भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन