उन्नाव में सर्व धर्म संसद ने एसएसपी को किया सम्मानित : रंग दे बसंती’ आयोजन में सहयोग पर जताया आभार
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Thu, Feb 19, 2026

प्रशासन और समाज के तालमेल से सफल रहा आयोजन
उन्नाव। शहर में 22-23 जनवरी को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘रंग दे बसंती’ की सफलता के बाद सामाजिक संगठन भारतीय सर्व धर्म संसद ने गुरुवार को पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा बाबा ने एसएसपी जय प्रकाश सिंह से मुलाकात कर उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किया और कार्यक्रम में मिले सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। मुलाकात के दौरान सुरेंद्र वर्मा बाबा ने कहा कि बड़े आयोजनों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना आसान काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस की सक्रिय भूमिका से ही कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सका। उनके मुताबिक, समाज और प्रशासन के बीच संवाद और समन्वय बना रहे तो ऐसे आयोजन सकारात्मक संदेश देते हैं। इस मौके पर सीओ सिटी विनी सिंह को भी सम्मानित किया गया। संगठन की ओर से उन्हें प्रतीक चिन्ह देकर कार्यक्रम के दौरान निभाई गई जिम्मेदारियों के लिए सराहा गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए समाज में आपसी विश्वास और सौहार्द को मजबूत करना है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगे भी प्रशासन का सहयोग मिलता रहेगा और इसी तालमेल के साथ जनपद में सकारात्मक माहौल कायम रहेगा। कार्यक्रम में सौरभ वर्मा, गोपाल कुमार, मकसूद, विशाल और केशव समेत संगठन के कई सदस्य मौजूद रहे। मुलाकात का माहौल औपचारिक होने के साथ-साथ सौहार्दपूर्ण भी रहा। सर्व धर्म संसद के पदाधिकारियों ने अंत में कहा कि समाज और प्रशासन एक-दूसरे के पूरक हैं। जब दोनों साथ खड़े होते हैं, तो किसी भी आयोजन को बेहतर तरीके से अंजाम दिया जा सकता है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन