सदर विधायक पंकज गुप्ता ने निभाया वादा : हादसे में जान गंवाने वाले के परिवार को छह लाख की मदद
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Wed, Jan 14, 2026
पोस्टमार्टम हाउस में दिया था भरोसा, अब आर्थिक सहायता सौंपकर बढ़ाया हौसला

उन्नाव। जवाहर खेड़ा निवासी स्वर्गीय सतीश गौतम के असामयिक निधन से परिवार पर टूटा दुख का पहाड़ अब भी लोगों को झकझोर रहा है। बीते दिनों इंडार्गो कंपनी के सामने सड़क हादसे में हुई उनकी मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया था। घर के जिम्मेदार सदस्य के अचानक चले जाने से परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी के साथ बच्चों की पढ़ाई को लेकर भी चिंता बढ़ गई थी। हादसे की जानकारी मिलते ही सदर विधायक पंकज गुप्ता पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे। वहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया था। उसी दौरान विधायक ने पीड़ित परिवार को छह लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया था। बुधवार को विधायक पंकज गुप्ता ने अपना वादा निभाया। इंडार्गो कंपनी के मैनेजर नीरज त्रिवेदी के साथ वह स्वर्गीय सतीश गौतम के आवास पहुंचे और परिजनों को छह लाख रुपये की आर्थिक सहायता सौंपी। विधायक ने कहा कि यह सहायता किसी भी रूप में उस क्षति की भरपाई नहीं कर सकती, जो परिवार ने झेली है, लेकिन इससे घर की आर्थिक परेशानियों को कुछ हद तक संभालने में मदद मिलेगी और बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होगी। विधायक ने परिजनों से बातचीत करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वह अकेले नहीं हैं। समाज और जनप्रतिनिधि उनके साथ खड़े हैं। जरूरत पड़ने पर आगे भी हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि जो भी मदद संभव होगी, उसे दिलाने का प्रयास जारी रहेगा। इस मौके पर बिछिया ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें धैर्य रखने का आग्रह किया। स्थानीय लोगों ने विधायक द्वारा निभाए गए वादे की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समय में मदद मिलना पीड़ित परिवार के लिए बड़ी राहत है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन