पिच क्यूरेटर का निरीक्षण : मौरावां में क्रिकेट विकास की उम्मीद
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Sun, Nov 30, 2025
नगर पंचायत अध्यक्ष और यूपीसीए के वादे पर आगे बढ़े कदम

उन्नाव। मौरावां में क्रिकेट के सपने को मैदान मिलने की उम्मीद तेज होती दिख रही है। रविवार को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट पिच क्यूरेटर शिव कुमार ने नगर पंचायत क्षेत्र का दौरा किया। वह यहां यूपीसीए की ओर से संभावित क्रिकेट ग्राउंड का मूल्यांकन करने पहुंचे थे। मेला मैदान में उनका स्वागत डीसीए उन्नाव के जॉइंट सेक्रेटरी राजेश चौधरी और नगर पंचायत अध्यक्ष मौरावां के प्रतिनिधि जमुना तिवारी ने किया। यह पूरा पहल पिछले वर्ष किए गए उस वादे से जुड़ा है, जब नगर पंचायत अध्यक्ष कुँवर विवेक सेठ ने युवाओं के लिए लगभग 10 बीघा जमीन क्रिकेट मैदान के लिए उपलब्ध कराने की बात कही थी। यही प्रस्ताव बाद में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अरविंद श्रीवास्तव कमल तक पहुंचा और फिर विकास समिति ने स्थल निरीक्षण का निर्णय लिया। उसी कड़ी में शिव कुमार को मौरावां भेजा गया ताकि जमीन और माहौल दोनों का परीक्षण हो सके।शिव कुमार ने नगर में मौजूद कई जगहों का जायजा लिया। उन्होंने मिट्टी की गुणवत्ता, पानी की पहुंच, मैदान के विस्तार की संभावना और पिच तैयार करने को लेकर प्राथमिक रिपोर्ट तैयार की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में क्रिकेट अकादमी और पिच विकसित होने की पूरी संभावना है। बच्चों और युवाओं के लिए एक सुनियोजित और मानक क्रिकेट ग्राउंड तैयार किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कार्ययोजना जल्द बनती है तो यहां अभ्यास के साथ भविष्य में जिला स्तरीय मैच भी कराए जा सकते हैं। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने उनसे बातचीत की और आस पास के गांवों में क्रिकेट खेलने वाले युवाओं की संख्या, टूर्नामेंट की परंपरा और प्रशिक्षण सुविधाओं की कमी के बारे में जानकारी दी। शिव कुमार ने सभी बातों को सुना और आश्वासन दिया कि प्रयास सही दिशा में बढ़ रहा है। मैदान के विकसित हो जाने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को बाहर जिले में जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी और नई पीढ़ी को बेहतर प्रशिक्षण अपने ही क्षेत्र में मिल सकेगा।

निरीक्षण में कई खिलाड़ी, खेल प्रेमी और पंचायत के लोग भी शामिल रहे। जिनमें राजेश चौधरी, जमुना तिवारी, अवधेश दीक्षित, राकेश रावत, प्रदीप सिंह, सीमा सिंह, रामबाबू, गौरी सिंह और वीरू रावत प्रमुख रूप से मौजूद थे। लोगों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही मौरावां में युवाओं के लिए एक बड़ा खेल केंद्र विकसित होगा और यहां से भी प्रतिभाएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेंगी। मौरावां के लिए यह केवल एक दौरा नहीं था, बल्कि खेल संस्कृति की दिशा में बढ़ा हुआ कदम भी था। अब निगाहें इस बात पर हैं कि निरीक्षण रिपोर्ट के बाद आगे की औपचारिकताएं कितनी जल्दी पूरी होकर मैदान निर्माण की शुरुआत कराती हैं। उम्मीद है कि आने वाले समय में यही मेला मैदान स्पोर्ट्स की नई पहचान बनेगा और मौरावां के बच्चे हर रोज जिस पिच पर खेलेंगे वही एक दिन किसी बड़े खिलाड़ी के कदमों की शुरुआत भी बन सकती है।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन