Mon 22 Jun 2026

ब्रेकिंग

एआरटीओ कार्यालय विवाद में विभाग का पक्ष आया सामने

बच्चों के सामने पत्नी को पीटता रहा पति

जिला महिला अस्पताल का आदर्श टीकाकरण केंद्र बना मिसाल, रविवार को भी मिल रही सुविधा

ऑटो पलटने से मजदूर की गई जान

पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

औरास में लूट : सर्राफा व्यापारी से जेवरों का बैग छीन ले गए बदमाश

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Mon, Jun 8, 2026
Post views : 193

चार बदमाश दो बाइकों से पहुंचे, विरोध पर फायरिंग कर शारदा नहर मार्ग से फरार

उन्नाव। औरास थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दुस्साहसिक लूट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। दुकान बंद कर घर लौट रहे एक सर्राफा कारोबारी और उसके भाई को रास्ते में चार हथियारबंद बदमाशों ने घेर लिया। तमंचे के बल पर बदमाश आभूषणों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। वारदात के दौरान फायरिंग किए जाने की भी चर्चा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, औरास थाना क्षेत्र के रामपुर खजड़ी गांव निवासी प्रभात सोनी उर्फ बउवा सीसी चौराहे पर सर्राफा कारोबार करते हैं। सोमवार शाम रोज की तरह दुकान बंद करने के बाद वह अपने छोटे भाई अतुल सोनी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों भाई गांव पहुंचने ही वाले थे कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया। पीड़ितों के अनुसार, गांव से करीब 800 मीटर पहले जंगल और सुनसान इलाके में दो बाइकों पर सवार चार युवक अचानक उनके सामने आ गए। इससे पहले कि दोनों कुछ समझ पाते, बदमाशों ने तमंचे तान दिए और जान से मारने की धमकी देते हुए उनके पास मौजूद बैग छीन लिया। बताया जा रहा है कि बैग में दुकान का कीमती माल रखा था, जिसमें करीब 10 किलो चांदी और 20 से 25 ग्राम सोने के आभूषण थे। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित परिवार के मुताबिक, जब भाइयों ने विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। गोली चलने की आवाज से आसपास के लोग सहम गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शारदा नहर मार्ग की तरफ तेजी से भाग निकले और लखनऊ दिशा की ओर फरार हो गए। लूट के बाद प्रभात और अतुल ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा भी किया। दोनों भाइयों ने करीब डेढ़ से दो किलोमीटर तक आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा और सुनसान रास्ता बदमाशों के लिए मददगार साबित हुआ। कुछ ही देर में आरोपी नजरों से ओझल हो गए। घटना की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही औरास थाना पुलिस भी सक्रिय हो गई। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संभावित भागने के रास्तों की जानकारी जुटाई। वारदात के बाद जिले की पुलिस भी अलर्ट मोड में आ गई। आसपास के थानों को सूचना देकर नाकेबंदी कराई गई और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल ने बताया कि सर्राफा व्यापारी से लूट की सूचना मिली है। घटना की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। इस वारदात ने एक बार फिर हाईवे और ग्रामीण संपर्क मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम ढलने के बाद सुनसान रास्तों पर पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन