विकास को मिली रफ्तार : दो वार्डों में नई सड़कें और नालियां जनता को समर्पित
सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान
Mon, Dec 15, 2025
वार्ड 30 और वार्ड 08 में सड़क व नाली निर्माण से बढ़ी सुविधा

उन्नाव। नगर पालिका परिषद् क्षेत्र में सोमवार को विकास कार्यों की एक और कड़ी जुड़ गई। नगर पालिका परिषद् की अध्यक्षा श्वेता भानू मिश्रा ने वार्ड संख्या 30 गदियाना और वार्ड संख्या 08 बाबूगंज में नवनिर्मित इंटरलॉकिंग सड़कों और नाली निर्माण कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर दोनों वार्डों के स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

वार्ड नम्बर 30 नगरपालिका कार्यालय से शीशमहल गेस्ट हाउस की ओर जाने वाले एकल मार्ग में लंबे समय से सड़क की खराब हालत लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव से आवागमन लगभग ठप हो जाता था। नई इंटरलॉकिंग सड़क बनने से अब मोहल्ले के लोगों को राहत मिली है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क बनने से न केवल आवाजाही आसान होगी, बल्कि मोहल्ले की तस्वीर भी बदलेगी।

वहीं वार्ड संख्या 08 बाबूगंज में एकांतेश्वर महादेव मंदिर तक बनाई गई सड़क का विशेष महत्व है। यह मार्ग श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी बेहद जरूरी था। सड़क के साथ नाली निर्माण होने से जल निकासी की समस्या दूर होगी और बरसात में होने वाला जलभराव अब अतीत की बात बन सकेगा। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानू मिश्रा ने कहा कि नगर के हर वार्ड में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, साफ-सफाई और जल निकासी जैसे कार्य सीधे आम आदमी के जीवन से जुड़े होते हैं, इसलिए इन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में नगर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह के विकास कार्य कराए जाएंगे।

नगर पालिका परिषद् की अध्यक्षा श्वेता भानू मिश्रा ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क और नाली जैसे विकास कार्य आम नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरत से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए इन कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि गदियाना और बाबूगंज में कराए गए कार्यों से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जलभराव जैसी पुरानी समस्याओं से राहत मिलेगी। नगर को साफ, सुव्यवस्थित और रहने योग्य बनाना नगर पालिका का लक्ष्य है और आने वाले समय में अन्य वार्डों में भी इसी क्रम में विकास कार्य कराए जाएंगे। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और रखरखाव में नगर पालिका का सहयोग करें, ताकि विकास का लाभ लंबे समय तक सभी को मिलता रहे।

इस मौके पर गदियाना के सभासद मेराजुद्दीन, बाबूगंज के सभासद रवि कुमार, अमित सिंह चौहान, सहित रानू, वसीम, मुन्ना, इकबाल, नियाज़, शैलेन्द्र, विकास गुप्ता समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने नगर पालिका के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि शहर में विकास की यह रफ्तार आगे भी जारी रहेगी।
Tags :
Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन