Mon 22 Jun 2026

ब्रेकिंग

एआरटीओ कार्यालय विवाद में विभाग का पक्ष आया सामने

बच्चों के सामने पत्नी को पीटता रहा पति

जिला महिला अस्पताल का आदर्श टीकाकरण केंद्र बना मिसाल, रविवार को भी मिल रही सुविधा

ऑटो पलटने से मजदूर की गई जान

पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग

सूचना

BREAKING NEWS

CRIME BREAKING

उन्नाव की एक रात... दो फायरिंग... : दो परिवारों की बेबसी और पुलिस की चौकसी अब कसौटी पर

सैय्यद फैज़ान शीबू रहमान

Wed, Nov 26, 2025
Post views : 378

हैलट रेफर हुए दोनों घायल, पुलिस की छह टीमें तलाश में

उन्नाव। शहर सर्किल में मंगलवार रात असलहों की गूंज से दहशत फैल गई। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जमीन के सौदे और रुपये लौटाने के लेनदेन की रंजिश में युवकों को निशाना बनाया गया। एक युवक के सीने में गोली धंस गई, जबकि दूसरे के सिर को छूते हुए निकल गई। दोनों घायल रातभर अस्पताल की इमरजेंसी में जिंदगी और मौत के बीच झूलते रहे। शहर और देहात पुलिस अलर्ट मोड में है। छापे जारी हैं, कई लोग हिरासत में भी हैं, जबकि पुलिस की छह टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। दोनों घायलों को जिला अस्पताल से कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने दोनों घटनास्थलों पर सैंपल लिए और मौके की बारीकी से जांच की।

पहला मामला: रुपये की वापसी को लेकर विवाद, कॉल पर बुलाकर सीने में मारी गोली

सदर कोतवाली के पीतांबर नगर में रहने वाला सचिन विमल (23) रात आठ बजे अपने मोहल्ले के पूल क्लब में गेम खेल रहा था। उसी दौरान उसके मोबाइल पर कॉल आई। सामने था मोतीनगर मोहल्ले का भूपेंद्र वर्मा, जिसके साथ सचिन का 15 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है।
सचिन ने बताया कि भूपेंद्र जमीन का कारोबार करता है और उसने एक प्लॉट डील के लिए उससे पैसे लिए थे। फरवरी में अपनी बहन की शादी है, इसलिए उसने कुछ दिन पहले रुपये वापस मांग लिए। मंगलवार को भूपेंद्र ने उसे यूएसडीए के पास पेट्रोलपंप के सामने वाली गली में मिलने को बुलाया। सचिन अकेले ही पहुंच गया। बात शुरू होते ही विवाद बढ़ गया और आरोप है कि भूपेंद्र उसे गली में ले गया और अचानक तमंचा निकालकर गोली चला दी। गोली सीधे सीने को चीरते हुए आरपार निकल गई।
रक्तरंजित सचिन किसी तरह अपने दोस्त सुभाष को फोन कर सका। सुभाष उसे जिला अस्पताल ले गया। जानकारी मिलते ही कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल से बयान लिया। इमरजेंसी में तैनात डॉ. आशीष सक्सेना ने बताया कि गोली छाती को पार कर चुकी है और मरीज को प्राथमिक इलाज देने के बाद हैलट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

दूसरा मामला: जमीन का पुराना झगड़ा फिर भड़का, घर के बाहर गोली चली

दूसरी घटना रात 8:15 बजे रायपुर बुजुर्ग गांव में हुई। यहां घर के बाहर बैठे भोला सिंह (35) पर फायर कर दिया गया। गोली सिर के दाहिने हिस्से को छूते हुए निकल गई। भोला खून से लथपथ वहीं गिर पड़ा। सूचना मिलते ही एसपी जयप्रकाश सिंह समेत कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल की स्थिति जानी। भोला के पिता रामबहादुर का कहना है कि जमीन सौदे को लेकर कोमल यादव (एलएलबी छात्र) और गजौली निवासी मिठल्ले से पुराना विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि कुछ महीने पहले भोला एक जमीन खरीदना चाहते थे, लेकिन सौदा अंतिम समय पर कोमल ने कर लिया था। तब से दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है। गांव के पास जुएं की फड़ पर भी भिड़ंत हो चुकी है और घर के बाहर फायरिंग की वारदात भी हो चुकी है। परिजनों का दावा है कि इसी विवाद की कड़ी में भोला पर हमला हुआ। मिठल्ले पर गैंगस्टर और हत्या के मुकदमे दर्ज हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर है। घटना के बाद भोला के घर के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस चौकसी में तैनात कर दी गई है।
दही थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि घटना की वजह की पुष्टि अभी बाकी है। फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच हो चुकी है। घायल के पिता तहरीर देने कानपुर से लौट रहे हैं। संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।

शहर में तनाव, पुलिस चौकन्नी

दोनों वारदातों के बाद शहर में तनाव का माहौल है। पुलिस हर बिंदु पर काम कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और घटनास्थलों से मिले साक्ष्यों के आधार पर खोजबीन जारी है। अधिकारी दावा कर रहे हैं कि जल्द आरोपी कानून के दायरे में होंगे।

Tags :

Unnao, THE LUCKNOW TIMES, uttar Pradesh news

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन