सैयद शहंशाह बाबा का उर्स : गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी झलक
Sat, Jan 10, 2026
सदर विधायक पंकज गुप्ता ने दरगाह पर टेका माथा, सौहार्द का दिया संदेश
उन्नाव। निराला पार्क के समीप जीआईसी ग्राउंड स्थित सैयद शहंशाह बाबा की मजार पर शुक्रवार को सालाना उर्स श्रद्धा और अकीदत के साथ मनाया गया। उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर में दिनभर जायरीनों की आवाजाही बनी रही। दूर दराज से पहुंचे लोगों ने बाबा की मजार पर चादर चढ़ाकर अमन चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। पूरे आयोजन के दौरान माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण और भाईचारे से भरा रहा। उर्स में सदर विधायक पंकज गुप्ता ने भी शिरकत की। उन्होंने दरगाह पर चादरपोशी कर बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। इस दौरान विधायक ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं और लोगों को एकता के सूत्र में बांधते हैं। उन्होंने बाबा से क्षेत्र में सुख शांति और विकास की कामना की। चादरपोशी कार्यक्रम में वरिष्ठ सभासद बृजेश पाण्डेय, मो. इरफान सिद्दकी, राजा "अलंकार टेलर", सोहन दरोगा, संतोष पाल, वसीम एडवोकेट, अन्ना खान, वसीम, मो. आफाक, शावेज़ खान, के.डी. शर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने बाबा की दरगाह पर हाजिरी लगाकर दुआ में हाथ उठाए। उर्स के मौके पर कव्वाली और लंगर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
दरगाह कमेटी के सदस्यों ने बताया कि सैयद शहंशाह बाबा का सालाना उर्स हर वर्ष सिया दुलारी की देखरेख में दरगाह कमेटी द्वारा विधिवत रूप से आयोजित किया जाता है। आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने में कमेटी के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने अहम भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह उर्स केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल है। यहां हर वर्ग और समुदाय के लोग बिना किसी भेदभाव के शामिल होते हैं। उर्स देर शाम तक श्रद्धा और सादगी के साथ संपन्न हुआ।
साईं भक्ति में डूबेगा शहर : 15वीं शोभा यात्रा को लेकर आयोजकों ने साझा की रूपरेखा
Sat, Jan 10, 2026
भव्य झांकियां, साईं रथ और राधा-कृष्ण मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा होंगे मुख्य आकर्षण
उन्नाव। शहर में 15वीं साईं शोभा यात्रा को लेकर माहौल बनना शुरू हो गया है। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और इस बार यात्रा को पहले से ज्यादा भव्य और व्यवस्थित रूप देने की योजना है। शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में साईं मंदिर के संस्थापक एवं प्रबंधक सुरेंद्र वर्मा उर्फ बाबा जी ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को शोभा यात्रा में आकर्षक झांकियों के साथ साईं बाबा का रथ निकलेगा। नगर के अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धालु यात्रा का स्वागत करेंगे। आयोजकों का दावा है कि यह शोभा यात्रा आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक समरसता का संदेश देगी। इस बार शोभा यात्रा से पहले एक विशेष धार्मिक आयोजन भी रखा गया है। 12 और 13 जनवरी को राधा-कृष्ण की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह है। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में महर्षि भृगु पीठाधीश्वर और भारतीय सर्वधर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक श्री गुरु गोस्वामी सुशील जी महाराज शामिल होंगे। वहीं वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर से आचार्य ज्ञानेंद्र आनंद किशोर गोस्वामी जी उर्फ छोटू महाराज भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। शोभा यात्रा 10 बजे सुबह भरत मिलाप से शुरू होगी। यह हरदोई पुल, बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा और लोक नगर चौराहा जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए साईं पुरम चौरा मोड़ स्थित साईं मंदिर पर समाप्त होगी। यात्रा में प्रभु श्रीराम, खाटूश्यामजी, बाबा महाकाल, हनुमान जी और राधा-कृष्ण समेत कई देवी-देवताओं की सजीव झांकियां निकाली जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।यात्रा के समापन के बाद दोपहर 12 बजे से साईं मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन होगा। इसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। व्यवस्थाओं को लेकर अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में शोभा यात्रा में शामिल होकर साईं बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करें। प्रेसवार्ता में आयोजन समिति के सचिव सौरभ वर्मा, संरक्षक अजय कुमार अवस्थी, कोषाध्यक्ष अनूप कुमार दीक्षित, यात्रा उपाध्यक्ष सिद्धेश्वर यादव सहित समिति के कई पदाधिकारी और साईं भक्त मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की है।
ठंड के बीच गौवंशों की चिंता : नगर पालिका अध्यक्ष ने लिया गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा
Sat, Jan 10, 2026
कान्हा गौशाला पहुंचीं अध्यक्ष कौमुदी पांडे, दिए जरूरी निर्देश
उन्नाव। कड़ाके की ठंड और लगातार चल रही शीतलहर को देखते हुए शुक्रवार रात को गंगाघाट नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष कौमुदी पांडे ने क्षेत्र स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य गौशाला में संरक्षित गौवंशों को ठंड से सुरक्षित रखने के लिए की गई व्यवस्थाओं की हकीकत जानना और जरूरी सुधार सुनिश्चित करना रहा। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने गौशाला परिसर में उपलब्ध शीत-निवारण इंतजामों को बारीकी से देखा। उन्होंने गौवंशों के लिए बिछाई गई सूखी पराली, तिरपाल, टाट-पन्नी और बंद शेड की व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही ठंड के मौसम में गौवंशों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ठंड के कारण गौवंश बीमार न पड़ें, इसके लिए समय-समय पर उनकी निगरानी जरूरी है और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कौमुदी पांडे ने गौशाला में कार्यरत कर्मचारियों से भी संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। इस मौके पर सेवा भाव से कार्य कर रहे कर्मचारियों को कंबल वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अध्यक्ष ने कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि गौवंशों की सेवा के साथ-साथ कर्मचारियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखना नगर पालिका की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता एवं नगर पालिका प्रतिनिधि संदीप पांडे भी मौजूद रहे। उन्होंने भी गौशाला की व्यवस्थाओं की सराहना की और कहा कि नगर पालिका द्वारा समय-समय पर किए जा रहे निरीक्षण से व्यवस्थाओं में सुधार होता है। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका परिषद गौसंरक्षण को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और ठंड के इस दौर में गौवंशों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शीतलहर के दौरान किसी भी तरह की कमी सामने न आए, इसके लिए नियमित निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।