तौसीफ अली खान अध्यक्ष बने : राजेश राठौर महामंत्री निर्वाचित
Wed, Aug 19, 2026
जूनियर शिक्षक संघ के सफीपुर ब्लॉक का निर्वाचन संपन्न, सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए
उन्नाव। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ के विकासखंड स्तरीय निर्वाचन अधिवेशन के क्रम में बुधवार को सफीपुर विकासखंड का निर्वाचन संपन्न हुआ। ब्लॉक संसाधन केंद्र सफीपुर में हुए चुनाव में तौसीफ अली खान को अध्यक्ष और राजेश राठौर को महामंत्री निर्विरोध निर्वाचित किया गया। निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र सिंह, अध्यक्ष विकासखंड बांगरमऊ और पर्यवेक्षक कमल किशोरी, जिला उपाध्यक्ष की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसमें जितेंद्र अग्निहोत्री कोषाध्यक्ष, कीर्ति शर्मा, सरोजनी देवी, विनय कुमार और भगवानदीन को उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं अलका, अनुपमा, शांति पांडे और सागर शुक्ला को संयुक्त मंत्री, गौरव वैश्य को लेखाकार तथा बृज किशोर को आय-व्यय निरीक्षक निर्विरोध निर्वाचित किया गया। जिला अध्यक्ष अनुपम मिश्र, संरक्षक राघवेंद्र सिंह, जिला महामंत्री रामजन्म सिंह और जिला उपाध्यक्ष विवेक सिंह के निर्देशन में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। चुनाव के बाद संगठन पदाधिकारियों ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और शिक्षकों की समस्याओं व हितों के लिए सक्रियता से काम करने की अपेक्षा जताई।
हादसे के बाद जागा रेलवे : एप्रोच रोड की कराई मरम्मत
Wed, Aug 19, 2026
सुबह महिला के फिसलने के बाद दोपहर में शुरू हुआ काम, रात तक क्षतिग्रस्त हिस्सा हुआ ठीक
उन्नाव। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उन्नाव जंक्शन पर निर्माण कार्य के बीच मंगलवार सुबह महिला के फिसलकर घायल होने की घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने एप्रोच रोड की मरम्मत शुरू करा दी। हादसे के कुछ घंटे बाद दोपहर में क्षतिग्रस्त हिस्से को ठीक करने का काम शुरू हुआ और रात तक सड़क की मरम्मत पूरी कर दी गई। इससे यात्रियों को आवागमन में राहत मिली है। स्टेशन भवन के बाहर एप्रोच रोड की सतह क्षतिग्रस्त होने और बारिश के कारण वहां कीचड़ व फिसलन की स्थिति बन गई थी। मंगलवार सुबह परिवार के साथ स्टेशन जा रही एक महिला इसी रास्ते से गुजरते समय फिसलकर गिर गई थी। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोट आई थी। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया था। जांच में पैर में फ्रैक्चर की जानकारी सामने आई थी।
हादसे के बाद दोपहर में शुरू हुआ काम
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। मंगलवार दोपहर एप्रोच रोड की क्षतिग्रस्त सतह की मरम्मत शुरू कराई गई। कर्मचारियों ने खराब हिस्से को दुरुस्त करने के साथ रास्ते को आवागमन के लिहाज से सुरक्षित बनाने का काम किया। देर रात तक मरम्मत पूरी कर दी गई। रेलवे प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लाने के लिए धन्यवाद देते हुए यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि स्टेशन भवन के एप्रोच रोड की क्षतिग्रस्त सतह की मरम्मत 18 अगस्त को करा दी गई है।
बारिश में बढ़ गई थी परेशानी
पिछले दिनों हुई बारिश के कारण स्टेशन परिसर के आसपास निर्माण कार्य से जुड़ी मिट्टी और अन्य सामग्री के चलते परेशानी बढ़ गई थी। बारिश का पानी मिट्टी को बहाकर रास्ते तक ले आया था, जिससे फिसलन पैदा हो गई। इसी स्थिति में महिला के साथ हादसा हुआ।
निर्माण के बीच यात्रियों की सुरक्षा जरूरी
उन्नाव जंक्शन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माण कार्य अभी जारी है। ऐसे में निर्माण स्थल के आसपास यात्रियों के आवागमन वाले रास्तों को सुरक्षित रखना अहम है। बारिश के दौरान मिट्टी, कीचड़ और क्षतिग्रस्त सतह से दोबारा हादसा न हो, इसके लिए नियमित निगरानी और समय रहते मरम्मत जरूरी है। एप्रोच रोड की मरम्मत होने से फिलहाल यात्रियों को राहत मिली है।
जेन-अल्फा का हल्लाबोल : बदहाल व्यवस्था पर सड़क पर उतरे स्कूली छात्र
Wed, Aug 19, 2026
जेन-अल्फा की आवाज सुनने पहुंचे डीएम-एसपी, बच्चों संग किया नाश्ता
शिक्षकों की कमी और खाने-पानी की शिकायतों पर छात्रों का चक्काजाम, जांच का मिला भरोसा
उन्नाव। जेन-जी के बाद अब जेन-अल्फा की आवाज भी जनपद में सड़क पर सुनाई दी। हसनगंज तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत न्योतनी स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय आवासीय विद्यालय के 250 से अधिक छात्र बुधवार को विद्यालय की बदहाल व्यवस्थाओं और सुविधाओं के अभाव को लेकर सड़कों पर उतर आए। छात्रों ने मोहान-बांगरमऊ मार्ग स्थित मोहान तिराहे पर चक्काजाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन से राहगीरों और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। छात्रों ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, पेयजल और हॉस्टल की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। छात्रों का कहना था कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शन के दौरान बच्चे शिक्षा मंत्री को मौके पर बुलाने की मांग पर भी अड़े रहे।
शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित
छात्रों के अनुसार विद्यालय में बायोलॉजी, फिजिक्स, सोशल साइंस और गणित के शिक्षक स्थानांतरण के बाद चले गए हैं। उनकी जगह नए शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई। छात्रों ने बताया कि संस्कृत के शिक्षक भी करीब छह साल से नहीं हैं। उनका आरोप है कि जो शिक्षक तैनात हैं, उनमें से कुछ नियमित रूप से कक्षाएं नहीं लेते, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
खाने से लेकर पानी तक पर सवाल
प्रदर्शनकारी छात्रों ने मेस के खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि भोजन बनाने वाली जगह पर स्वच्छता का ध्यान नहीं रखा जाता। छात्रों ने रोज-रोज बैंगन की सब्जी परोसे जाने और हलवा समेत अन्य खाद्य सामग्री में पर्याप्त सामग्री नहीं होने की शिकायत की। छात्रों ने विद्यालय और हॉस्टल में पेयजल की समस्या भी बताई। उनका आरोप है कि दूषित पानी पीने से कई बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। बीमार होने पर समय से इलाज नहीं मिलने की बात भी छात्रों ने कही। वहीं, गर्मी के बावजूद हॉस्टल के कई पंखे खराब होने की शिकायत की गई।
कर्मचारियों पर भी लगाए आरोप
छात्रों ने विद्यालय के कुछ कर्मचारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि रात करीब एक बजे अनुचित वेशभूषा में छात्रों के कमरों में आते हैं। इससे हॉस्टल में रहने वाले छात्र असहज और असुरक्षित महसूस करते हैं। छात्रों ने इन आरोपों की भी जांच कराने की मांग की। हालाकिं इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
एडीएम और एएसपी पहुंचे, सुनी बच्चों की बात
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एडीएम सुशील कुमार गोंड और एएसपी अखिलेश सिंह ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने बच्चों को उनकी शिकायतों के समाधान का भरोसा दिलाया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
डीएम-एसपी ने बच्चों संग किया नाश्ता
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी घनश्याम मीना और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह भी विद्यालय पहुंचे। उनके साथ सीडीओ कृति राज भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने बच्चों के बीच बैठकर नाश्ता किया और उनसे सीधे बातचीत की। डीएम और एसपी ने छात्रों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेकर नियमानुसार समाधान कराया जाएगा। डीएम एसपी और सीडीओ ने बच्चों को समझाया कि उनकी समस्याओं की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के साथ सीधे संवाद के बाद छात्रों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने अपना धरना समाप्त करने पर सहमति जताई।
सीडीओ ने गठित की जांच टीम
सीडीओ कृति राज ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और छात्रों की ओर से लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष टीम गठित करने की बात कही। अधिकारियों ने कहा कि छात्रों की शिकायतों की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाएगी और जो भी कमियां मिलेंगी, उन्हें दूर कराया जाएगा।
तीन घंटे बाद खुला मोहान तिराहा
छात्रों के सड़क पर बैठने से मोहान-बांगरमऊ मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब तीन घंटे बाद छात्रों ने धरना समाप्त किया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए आवागमन सुचारु कराया।हसनगंज कोतवाली प्रभारी शरद कुमार ने बताया कि विद्यालय के छात्रों ने विभिन्न मांगों को लेकर मोहान तिराहे पर जाम लगाया था। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से वार्ता की और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से धरना समाप्त कर दिया। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।